कभी कॉल सेंटर में किया काम, फिर ऐसे बदली किस्मत और बन गया TV और वेब सीरीज की जान, ‘Asur’ के लिए बना काल
Barun Sobti: टीवी और ओटीटी की दुनिया में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के अपनी अलग पहचान बनाई. इन्हीं में से एक नाम है बरुण सोबती. आज बरुण को टीवी के साथ-साथ वेब सीरीज की दुनिया में एक शानदार अभिनेता के तौर पर पहचाना जाता है. हालांकि यहां तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं था. एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने कॉल सेंटर में नौकरी भी की थी. हालांकि किस्मत ने कुछ ऐसा मोड़ लिया कि कॉरपोरेट नौकरी छोड़कर वह कैमरे के सामने आ गए और देखते ही देखते लाखों दर्शकों के चहेते बन गए.
कॉल सेंटर से शुरू हुआ सफर
बरुण सोबती का जन्म 21 अगस्त 1984 को दिल्ली में हुआ था. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एक्टिंग को करियर बनाने के बारे में तुरंत नहीं सोचा. उनका शुरुआती करियर एक कॉल सेंटर से जुड़ा रहा. इसके बाद उन्होंने जिंदल टेलीकॉम में बतौर ऑपरेशन मैनेजर भी काम किया. नौकरी करते हुए शायद बरुण को अंदाजा नहीं था कि उनकी जिंदगी जल्द ही पूरी तरह बदलने वाली है. उनके अंदर एक्टिंग का जुनून था और आखिरकार उन्होंने नौकरी छोड़कर मनोरंजन की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया.
टीवी ने दिया पहला बड़ा मौका
बरुण ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत टीवी से की. साल 2009 में वह सीरियल 'श्रद्धा' में नजर आए. इसके बाद 'दिल मिल गए' में एक छोटे रोल ने उन्हें टीवी दर्शकों के बीच पहचान दिलाई. बरुण के करियर का असली टर्निंग पॉइंट बना 'बात हमारी पक्की है'. इस शो में उन्होंने श्रवण जयसवाल का किरदार निभाया. उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया और इंडस्ट्री में उनकी मौजूदगी मजबूत होने लगी.
'इस प्यार को क्या नाम दूं?' ने बनाया स्टार
साल 2011 में शुरू हुआ 'इस प्यार को क्या नाम दूं?' बरुण सोबती के करियर का सबसे बड़ा पड़ाव साबित हुआ. इसमें उन्होंने अर्णव सिंह रायजादा का किरदार निभाया. अर्णव का गुस्सा, अक्खड़पन और भीतर छिपा भावुक इंसान दर्शकों को खूब पसंद आया. सनाया ईरानी के साथ उनकी जोड़ी इतनी लोकप्रिय हुई कि आज भी टीवी की चर्चित ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में इसका नाम लिया जाता है.
फिल्मों में भी आजमाया हाथ
टीवी पर सफलता हासिल करने के बाद बरुण ने फिल्मों की ओर भी रुख किया. वह 'मैं और मिस्टर राइट' और 'तू है मेरा संडे' जैसी फिल्मों में नजर आए. हालांकि, उनकी असली अभिनय क्षमता को पहचानने का मौका उन्हें आगे चलकर ओटीटी पर मिला. डिजिटल प्लेटफॉर्म ने उन्हें ऐसे किरदार दिए, जिनमें वह सिर्फ रोमांटिक हीरो के रूप में नहीं बल्कि एक गंभीर एक्टर के तौर पर भी खुद को साबित कर सके.
'असुर' ने दिखाया बरुण का दूसरा रूप
साल 2020 में रिलीज हुई वेब सीरीज 'असुर' ने बरुण सोबती के करियर को एक नया मोड़ दिया. इस साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर में उन्होंने निखिल नायर का किरदार निभाया. यह किरदार उनके टीवी वाले रोमांटिक अवतार से बिल्कुल अलग था. कहानी में अपराध, मनोविज्ञान और पौराणिक मान्यताओं का दिलचस्प मेल था. बरुण ने एक ऐसे फॉरेंसिक एक्सपर्ट की भूमिका निभाई, जो एक खतरनाक सीरियल किलर की तलाश में जुट जाता है. इस सीरीज से उन्होंने साबित किया कि वे कठिन से कठिन किरदार में भी जान डाल सकते हैं.
'असुर 2' में भी कायम रहा जलवा
'असुर' की सफलता के बाद इसका दूसरा सीजन भी आया. 'असुर 2' में बरुण ने एक बार फिर निखिल नायर का किरदार निभाया. इस बार कहानी और भी ज्यादा गहरी और खतरनाक थी. दर्शकों ने निखिल के किरदार में बरुण की परफॉर्मेंस को खूब सराहा. यही वजह है कि ओटीटी की दुनिया में उनका नाम उन कलाकारों में शामिल हो गया, जो हर प्रोजेक्ट के साथ खुद को अलग अंदाज में पेश करने की कोशिश करते हैं.
बरुन सोबती की पर्सनल लाइफ
बरुण सोबती की निजी जिंदगी भी काफी दिलचस्प रही है. उन्होंने अपनी स्कूल टाइम की दोस्त पश्मीन मनचंदा से शादी की. दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और बाद में उनका रिश्ता शादी में बदल गया. दोनों ने 12 दिसंबर 2010 को गुरुद्वारे में एक सादे समारोह में विवाह किया था. दोनों के दो बच्चे हैं. 2019 में उनकी बेटी सिफत और 2023 में बेटे मीर का जन्म हुआ.