तेरे नाम से रातोंरात सुपरस्टार बन गईं भूमिका चावला, एम एस धोनी की बहन बन खींचा ध्यान, अब कहां हैं सलमान की निर्जरा?
Bhumika Chawla: साल 2003 में तेरे नाम फिल्म रिलीज हुई थी. फिल्म में सलमान खान और भूमिका चावला की जोड़ी दिखाई गई थी, जो लोगों को काफी पसंद आई थी. फिल्म में भूमिका की सादगी, मासूमियत और शांत अंदाज ने लोगों के दिल पर छाप छोड़ी थी. भूमिका ने फिल्म में ‘निर्जरा’ का किरदार इतनी खूबसूरती से निभाया कि एक दौर में लोग उन्हें इसी नाम से पहचानने लगे थे. फिल्म की जबरदस्त सफलता ने भूमिका चावला को रातोंरात बॉलीवुड की फेमस एक्ट्रेस की लिस्ट में शामिल कर दिया था.
साउथ फिल्म से की शुरुआत
भूमिका का जन्म 21 अगस्त 1976 को हुआ था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग और विज्ञापनों से की थी. उन्होंने हिंदी सिनेमा से पहले साउथ सिनेमा का रुख किया और तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बनाई. भूमिका को 2000 में तेलुगु फिल्म 'युवाकुडु' में देखा गया था, जो उनकी डेब्यू फिल्म थी.
तेरे नाम ने बदली जिंदगी
उन्होंने साउथ की कई फिल्मों में काम किया लेकिन बड़ी पहचान नहीं मिल पाई. उन्होंने साल 2003 में सलमान खान के साथ काम किया और रातोंरात स्टार बन गईं. उन्हें निर्जरा नाम से पहचान मिली. सतीश कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान ने राधे का किरदार निभाया था. वहीं भूमिका चावला निर्जरा बनीं थीं.
तेरे नाम के गाने रहे सुपरहिट
'तेरे नाम' में सलमान खान और भूमिका चावला की जोड़ी बेहद अलग नजर आई. सलमान के आक्रामक और जुनूनी किरदार के सामने भूमिका का शांत और मासूम अंदाज कहानी को एक अलग भाव देता था. फिल्म के गाने भी जबरदस्त हिट हुए. 'ओढ़ली चुनरिया', 'तेरे नाम', 'क्यों किसी को वफा के बदले वफा नहीं मिलती' जैसे गानों ने फिल्म को और लोकप्रिय बनाया.
धोनी की बहन का निभाया किरदार
साल 2016 में आई नीरज पांडे की फिल्म 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में भूमिका चावला ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बड़ी बहन जयंती गुप्ता का किरदार निभाया था. इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी की भूमिका निभाई थी. भूमिका का किरदार भले ही मुख्य भूमिका में नहीं था लेकिन उनकी मौजूदगी ने दर्शकों का ध्यान खींचा.
भूमिका चावला का परिवार
भूमिका चावला ने अपने निजी जीवन को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखा. उन्होंने लंबे समय तक अपने रिश्ते को सार्वजनिक चर्चा से बचाए रखा. उन्होंने 2007 में अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड भरत ठाकुर से शादी की. भरत योग गुरु और शिक्षक हैं. दोनों का एक बेटा भी है. शादी के बाद भी भूमिका ने फिल्मों से पूरी तरह दूरी नहीं बनाई. वह समय-समय पर फिल्मों और दूसरे प्रोजेक्ट्स में नजर आती रहीं.