एक टाइटल, तीन फिल्में और तीन अलग कहानियां! पहली फ्लॉप, दूसरी हिट, अब तीसरी बार पर्दे पर लौट रही ‘बंटवारा’
Batwara: बॉलीवुड में कुछ नाम सिर्फ फिल्मों के टाइटल नहीं होते बल्कि अपने साथ एक पूरा दौर, एक कहानी और कई भावनाएं लेकर चलते हैं. ‘बंटवारा’ भी ऐसा ही एक नाम है. करीब छह दशकों के सफर में इस टाइटल ने तीन अलग-अलग दौर की तीन अलग कहानियां पर्दे पर उतारी हैं. कभी यह एक परिवार के टूटने की कहानी बना, तो कभी दोस्ती के दुश्मनी में बदलने का प्रतीक और अब 1947 के उस ऐतिहासिक दर्द को दिखाने जा रहा है जिसने दो मुल्कों के बीच सरहद खींच दी. यही वजह है कि ‘बंटवारा’ नाम एक बार फिर चर्चा में है. 2026 में इसी टाइटल के साथ आने वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है.
जब 1961 में बंटा एक परिवार
साल 1961 में पहली बार 'बंटवारा' नाम बड़े पर्दे पर आया. डायरेक्टर करुणेश ठाकुर की इस फैमिली ड्रामा फिल्म में बलराज साहनी, प्रदीप कुमार, निरूपा रॉय और शशिकला जैसे उस दौर के जाने-माने कलाकार नजर आए थे. फिल्म की कहानी एक जॉइंट फैमिली के भीतर होने वाले प्रॉपर्टी विवाद और परिवार के बंटने के इर्द-गिर्द बुनी गई थी. कहानी में रिश्तों की कसौटी, संपत्ति को लेकर खींचतान और परिवार के टूटने का दर्द दिखाने की कोशिश की गई थी. हालांकि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई.
28 साल बाद दोस्ती बनी दुश्मनी
'बंटवारा' नाम को दोबारा पर्दे पर आने में करीब 28 साल लग गए. साल 1989 में मशहूर निर्देशक जेपी दत्ता ने इसी टाइटल को फिर से इस्तेमाल किया. इस बार कहानी का दायरा परिवार से निकलकर राजस्थान के ग्रामीण इलाकों तक पहुंच गया. इस बार फिल्म में धर्मेंद्र, विनोद खन्ना, डिंपल कपाड़िया, अमृता सिंह, पूनम ढिल्लों और अमरीश पुरी जैसे बड़े सितारों को शामिल किया गया. कहानी राजस्थान की जमींदारी प्रथा, डाकुओं की समस्या और दो करीबी दोस्तों के बीच पैदा हुई दुश्मनी पर लिखी गई.
बॉक्स ऑफिस पर रही हिट
फिल्म को जबरदस्त स्टार पावर का फायदा मिला. अमिताभ बच्चन की आवाज और लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के संगीत ने इसे और खास बना दिया. धर्मेंद्र और विनोद खन्ना की दमदार परफॉर्मेंस ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया. नतीजा यह रहा कि 1989 की 'बंटवारा' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में अपनी जगह बनाई.
अब दिखेगी 1947 के दर्द की कहानी
अब इसी चर्चित टाइटल की कहानी 2026 में एक बिल्कुल अलग मोड़ लेने वाली है. इस बार 'बंटवारा' किसी परिवार या दो दोस्तों की कहानी नहीं होगी बल्कि भारत और पाकिस्तान के बंटवारे का दर्द बयां करेगी. फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा और शबाना आजमी जैसे अनुभवी कलाकार लीड रोल में हैं.
कब रिलीज होगी बंटवारा 1947
'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म का निर्देशन अनुभवी डायरेक्टर राजकुमार संतोषी ने किया है. कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दर्द, इंसानी भावनाओं और विस्थापन की त्रासदी को बड़े कैनवस पर पेश करने की कोशिश करती है.