‘मिर्जापुर द मूवी’ सहित ये 6 नई रिलीज OTT पर मचाएंगी धमाल, वीकेंड के लिए कर लें लिस्ट तैयार
Friday OTT Release: वीकेंड की छुट्टियों में अगर आप घर पर रहकर मनोरंजन करने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए इस बार OTT पर काफी कुछ नया है. शुक्रवार, 30 अक्टूबर को अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज हुई हैं. इनमें क्राइम, सस्पेंस, हॉरर, रोमांस और फैमिली ड्रामा जैसे कई जॉनर शामिल हैं. ऐसे में अपनी पसंद के हिसाब से वॉच लिस्ट तैयार कर लीजिए…
मिर्जापुर द मूवी
'मिर्जापुर' की दुनिया और उसके किरदारों को पसंद करने वालों के लिए 'मिर्जापुर द मूवी' इस शुक्रवार खास तोहफा लेकर आई है. सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद यह फिल्म अब OTT पर पहुंच गई है. इसमें पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं. क्राइम और एक्शन से भरपूर इस फिल्म को 30 अक्टूबर से प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
मीठे में क्या है
अगर आप वीकेंड पर परिवार के साथ कुछ हल्का-फुल्का और दिलचस्प देखना चाहते हैं, तो 'मीठे में क्या है' अच्छा विकल्प हो सकती है. यह हिंदी फैमिली ड्रामा दिवाली के मौके पर एक परिवार के दोबारा साथ आने की कहानी दिखाती है लेकिन अचानक शादी की घोषणा से रिश्तों में तनाव पैदा हो जाता है. ऋत्विक भौमिक, रोहिणी हट्टंगडी और आयशा रजा की यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है.
अक्का
क्राइम थ्रिलर पसंद करने वालों के लिए कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे की वेब सीरीज 'अक्का' देखने लायक है. धर्मराज शेट्टी के निर्देशन में बनी यह सीरीज 1980 के दशक के माहौल में बुनी गई है. इसकी कहानी दक्षिण भारत के एक ऐसे कस्बे पर आधारित है, जहां महिलाओं का शासन चलता है. रहस्य और अपराध से जुड़ी इस कहानी को 30 अक्टूबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकता है.
डोंट ट्रबल द ट्रबल
फैंटेसी और कॉमेडी का मेल देखने के शौकीन हैं, तो 'डोंट ट्रबल द ट्रबल' को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. शशांक येलेटी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में फहाद फासिल नजर आ रहे हैं. खास बात यह है कि यह तेलुगु सिनेमा में उनकी पहली फिल्म है. कहानी में कॉमेडी और फैंटेसी का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है. यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है.
इम्मोर्टल
रोमांस के साथ हॉरर और रहस्य का अनुभव करना चाहते हैं, तो तमिल फिल्म 'इम्मोर्टल' आपके लिए एक अलग विकल्प हो सकती है. जी.वी. प्रकाश कुमार और कयादु लोहार इसमें मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म की कहानी में एक प्रेम कहानी के साथ अलौकिक घटनाओं और रहस्यों को जोड़ा गया है. रोमांटिक और सुपरनैचुरल कहानियां पसंद करने वाले दर्शक इसे 30 अक्टूबर से सोनीलिव पर देख सकते हैं.
ऑब्सेशन
इस शुक्रवार की नई रिलीज में साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' भी शामिल है. करी बार्कर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इंडे नवर्रेट और माइकल जॉनस्टन अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म 30 अक्टूबर को जियोहॉटस्टार के 'द पीकॉक हब' पर रिलीज हुई है. इसकी एक खास बात यह भी है कि हिंदी वर्जन के लिए कृति सेनन और वरुण धवन ने अपनी आवाज दी है.