तीज पर हाथों की खूबसूरती बढ़ाएंगी ये मेहंदी डिजाइन, अरेबिक से मंडला तक ट्राई करें पैटर्न
Hariyali Teej Mehndi Designs: हरियाली तीज पर मेहंदी महिलाओं के श्रृंगार का खास हिस्सा होती है. इस बार आप पारंपरिक डिजाइन के साथ अरेबिक, फुल हैंड, शिव-पार्वती, मोर, बेल, झूला और मंडला आर्ट जैसी मेहंदी डिजाइन ट्राई कर सकती हैं.
हरियाली तीज पर रचाएं खूबसूरत मेहंदी
हरियाली तीज महिलाओं के लिए बेहद खास त्योहार है. इस दिन हाथों में मेहंदी लगाना शुभ और खूबसूरत श्रृंगार का हिस्सा माना जाता है. आप अपनी पसंद और आउटफिट के हिसाब से मेहंदी का डिजाइन चुन सकती हैं.
अरेबिक मेहंदी डिजाइन
अगर आपको ज्यादा भरी हुई मेहंदी पसंद नहीं है, तो अरेबिक डिजाइन आपके लिए अच्छा विकल्प है. इसमें हथेली से लेकर कलाई तक फूल-पत्तियों की मोटी बेल बनाई जाती है और डिजाइन के बीच कुछ हिस्सा खाली रखा जाता है. यह डिजाइन कम समय में तैयार होने के साथ काफी स्टाइलिश भी नजर आती है.
फुल हैंड मेहंदी डिजाइन
जिन महिलाओं को हाथों पर भरी हुई मेहंदी पसंद है, वे फुल हैंड डिजाइन चुन सकती हैं. इसमें हथेली को फूल, पत्तियों, जालियों और बारीक पैटर्न से भरा जाता है. उंगलियों पर भी बारीक डिजाइन बनाई जाती है और कलाई पर कंगन स्टाइल पैटर्न पूरे लुक को शानदार बना सकता है.
शिव-पार्वती वाली मेहंदी
हरियाली तीज को भगवान शिव और माता पार्वती से जोड़कर देखा जाता है. ऐसे में इस खास मौके पर शिव-पार्वती वाली मेहंदी डिजाइन भी बेहद खास लगेगी. हथेली के बीच में शिव-पार्वती की छोटी आकृति बनाकर उसके आसपास फूल, बेल और पत्तियों से डिजाइन तैयार की जा सकती है.
मोर वाली मेहंदी डिजाइन
मोर वाली मेहंदी डिजाइन हमेशा आकर्षक लगती है. आप हथेली के एक हिस्से में बड़ा मोर बनवा सकती हैं और उसके आसपास फूल-पत्तियों से डिजाइन को पूरा कर सकती हैं. उंगलियों पर छोटी जाली या डॉट पैटर्न इस डिजाइन की खूबसूरती और बढ़ा देता है.
बेल वाली सिंपल मेहंदी
अगर आप ऑफिस या घर के काम की वजह से ज्यादा मेहंदी नहीं लगाना चाहती हैं, तो बेल वाला डिजाइन चुन सकती हैं. इसमें हाथ के एक किनारे से फूल-पत्तियों की पतली बेल शुरू करके उसे उंगलियों या कलाई तक ले जाया जाता है. यह डिजाइन सिंपल होने के साथ काफी खूबसूरत दिखाई देती है.
झूला थीम मेहंदी
हरियाली तीज पर झूला झूलने की परंपरा भी खास मानी जाती है. ऐसे में हथेली पर झूले का छोटा पैटर्न बनवाकर तीज की थीम को मेहंदी में शामिल किया जा सकता है. झूले के आसपास फूल, पत्तियां और बेल का डिजाइन इसे और आकर्षक बना सकता है.
मंडला आर्ट मेहंदी
अगर आपको साधारण लेकिन आकर्षक मेहंदी पसंद है, तो मंडला आर्ट डिजाइन ट्राई कर सकती हैं. हथेली के बीच में गोल मंडला बनाया जाता है और उंगलियों पर बारीक कलाकृति तैयार की जाती है. यह डिजाइन पारंपरिक होने के साथ आधुनिक लुक भी देती है.