बांग्लादेश से नहीं खेलेगी टीम इंडिया, अफगानिस्तान सीरीज से हो रहा टकराव, भारत का क्या है शेड्यूल?
Team India Bangladesh Tour: भारत का सितंबर में प्रस्तावित बांग्लादेश दौरा अब लगभग रद्द होता नजर आ रहा है. इसकी वजह अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज है, जिसके शेड्यूल की आधिकारिक पुष्टि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कर दी है. पहले भारत और बांग्लादेश के बीच सितंबर की शुरुआत में छह व्हाइट-बॉल मैच खेले जाने की योजना थी, लेकिन अब दोनों सीरीज की तारीखों में टकराव हो गया है.
अफगानिस्तान सीरीज की तारीख तय
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अनुसार, भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैच 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे. तीनों मुकाबलों की मेजबानी नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम करेगा. एसीबी ने साफ किया है कि इन तारीखों और मुकाबलों के आयोजन स्थल को बीसीसीआई की सहमति से अंतिम रूप दिया गया है.
पहली बार भारत में आमना-सामना
अफगानिस्तान के लिए यह सीरीज खास होगी, क्योंकि वह पहली बार भारत की धरती पर भारतीय टीम के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेलेगा. हालांकि, अफगानिस्तान लंबे समय से भारत को अपने घरेलू मुकाबलों के लिए इस्तेमाल करता आया है. लखनऊ, देहरादून और ग्रेटर नोएडा में अफगानिस्तान के कई मैच आयोजित हो चुके हैं, लेकिन भारत के खिलाफ उसकी घरेलू सीरीज अब तक भारत में नहीं हुई थी.
एसीबी ने की पुष्टि
एसीबी के सीईओ नसीब खान ने कमर्शियल पार्टनर्स को भेजे लेटर में भारत-अफगानिस्तान सीरीज की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि यह दौरा 13 सितंबर से 17 सितंबर तक होगा. नसीब खान के मुताबिक, सीरीज की तारीखों और मैचों के स्थान को बीसीसीआई के साथ बातचीत के बाद मंजूरी दी गई है.
बांग्लादेश का शेड्यूल फंसा
दूसरी ओर, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ छह व्हाइट-बॉल मुकाबलों के लिए 1 से 13 सितंबर की विंडो तय की थी. अब अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टी20 13 सितंबर को होना है. ऐसे में दोनों शेड्यूलों के बीच सीधा टकराव दिखाई दे रहा है. यही वजह है कि भारत के बांग्लादेश दौरे के अब होने की संभावना काफी कम हो गई है.
आधिकारिक ऐलान अभी बाकी
हालांकि, अभी तक संबंधित क्रिकेट बोर्ड या अधिकारियों की ओर से भारत-बांग्लादेश सीरीज रद्द होने की सार्वजनिक घोषणा नहीं हुई है. एसीबी ने भी अपने लेटर में कहा है कि आधिकारिक सार्वजनिक घोषणा अभी बाकी है. इसके बावजूद, मौजूदा शेड्यूल को देखते हुए बांग्लादेश दौरा लगभग खत्म माना जा रहा है, जब तक कि आखिरी समय में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाता.
मीडिया अधिकारों पर बातचीत
क्रिकबज के अनुसार, अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैचों के लीनियर मीडिया अधिकारों को लेकर आईटीडब्ल्यू यूनिवर्स की जियोस्टार, सोनी स्पोर्ट्स और जी यूनाइट8 के साथ बातचीत चल रही है. ब्रॉडकास्टर का फैसला बुधवार तक होने की उम्मीद है, जबकि फैनकोड के पास डिजिटल अधिकार हैं. ऐसे में सितंबर में भारत का क्रिकेट शेड्यूल अब अफगानिस्तान सीरीज के इर्द-गिर्द तय होता दिख रहा है.