इंजीनियरिंग की पढ़ाई, क्रिकेट का जुनून, फिल्मों में लगातार नाकामी के बाद ‘हुच्चा’ ने बदली किच्चा सुदीप की जिंदगी
Kiccha Sudeep: कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार किच्चा सुदीप एक्टर होने के साथ ही डायरेक्टर, निर्माता, लेखक, सिंगर और टीवी होस्ट भी हैं. उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी काफी काम किया है. वे ‘मक्खी’, ‘दबंग 3’ और ‘रक्त चरित्र’ जैसी फिल्में कर चुके हैं. हालांकि यहां तक पहुंचना उनके लिए काफी मुश्किल रहा. शुरुआती दौर में लगातार असफलताओं ने उन्हें ‘आयरन लेग’ तक का टैग दिला दिया था. हालांकि एक फिल्म ने उनकी किस्मत बदल दी और वह ‘किच्चा’ सुदीप बन गए.
इंजीनियरिंग की पढ़ाई
सुदीप का जन्म कर्नाटक के शिमोगा में हुआ था. उन्होंने बेंगलुरु के दयानंद सागर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इंडस्ट्रियल एंड प्रोडक्शन इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. कॉलेज के दिनों में उन्हें क्रिकेट का भी काफी शौक था और वह कॉलेज की क्रिकेट टीम से जुड़े रहे. इसके अलावा वह कॉलेज बैंड में गिटार भी बजाते थे. हालांकि इंजीनियरिंग की डिग्री लेने के बाद सुदीप ने पारंपरिक करियर चुनने के बजाय फिल्मों की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया. दिलचस्प बात यह है कि शुरुआत में वे एक्टर बनने नहीं बल्कि डायरेक्टर बनने का सपना लेकर इंडस्ट्री में लेकर आए थे.
मिला आयरन लेग का टैग
सुदीप ने 1997 में कन्नड़ फिल्म 'थायव्वा' से एक्टिंग डेब्यू किया. इसके बाद वे 'प्रत्यर्था' में नजर आए. हालांकि शुरुआती फिल्मों से उन्हें वह पहचान नहीं मिल पाई, जिसकी उन्हें तलाश थी. कुछ फिल्में शूटिंग के दौरान बंद हो गई थी. शुरुआती फिल्में बॉक्स ऑफिस पर नहीं टिक पाईं. लगातार फ्लॉप फिल्मों के कारण उन्हें 'आयरन लेग' कहा जाने लगा था.
इस फिल्म ने बदली किस्मत
सुदीप की जिंदगी में असली बदलाव साल 2001 में आया, जब उन्हें फिल्म हुच्चा मिली. 'हुच्चा' में उन्होंने लीड रोल निभाया और उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया. ये फिल्म उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई. फिल्म में उन्होंने किच्चा का किरदार निभाया था, जहां से सुदीप को किच्चा सुदीप के नाम से पहचान मिली. 'हुच्चा' के बाद सुदीप ने 'नंदी' और 'स्वाति मुथु' जैसी फिल्मों में शानदार एक्टिंग की. इस तरह की फिल्मों से उन्होंने लगातार तीन साल फिल्मफेयर अवॉर्ड फॉर बेस्ट एक्टर-कन्नड़ जीता.
डायरेक्शन में आजमाया हाथ
सुदीप ने केवल एक्टिंग नहीं बल्कि डायरेक्शन में भी हाथ आजमाया. साल 2006 में उन्होंने 'माय ऑटोग्राफ' से डायरेक्शन में कदम रखा. इसके बाद उन्होंने निर्माता और लेखक के तौर पर भी काम किया. उनकी फिल्मोग्राफी में 'किच्चा', 'वीरा मदकारी', 'केम्पे गौड़ा', 'विष्णुवर्धना', 'पैलवान' और 'विक्रांत रोणा' जैसी फिल्में शामिल हैं. 2012 में आई 'ईगा' में उनका निगेटिव किरदार भी काफी चर्चित हुआ. इस फिल्म के जरिए उन्हें साउथ इंडस्ट्री के बाहर भी बड़े स्तर पर पहचान मिली.
बॉलीवुड और बिग बॉस से घर-घर मिली पहचान
किच्चा सुदीप ने सिर्फ कन्नड़ फिल्मों में नहीं बल्कि बॉलीवुड में भी धाक जमाई.उन्होंने राम गोपाल वर्मा की 'फूंक' से हिंदी सिनेमा में कदम रखा. इसके बाद वे 'रक्त चरित्र' और सलमान खान की 'दबंग 3' जैसी फिल्मों में भी नजर आए. फिल्मों के अलावा सुदीप ने टीवी पर भी जबरदस्त नाम कमाया. साल 2013 में शुरू हुए 'बिग बॉस कन्नड़' के पहले सीजन से ही वह शो के होस्ट बने और लंबे समय तक इस जिम्मेदारी को निभाया. उनकी होस्टिंग स्टाइल और बेबाक अंदाज ने शो की लोकप्रियता में अहम भूमिका निभाई.