आंखों में नशा, चेहरे पर मासूमियत! 90s की इस हसीने ने बॉलीवुड पर किया था राज; अपनी अदाओं से लूटे लाखों दिल
Mahima Chaudhary 90’s Look: 90 के दशक में बॉलीवुड को एक ऐसी खूबसूरत अदाकारा मिली, जिसने अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली. सुभाष घई की फिल्म ‘परदेस’ से महिमा चौधरी ने रातोंरात स्टारडम हासिल किया. उनकी मासूमियत, खूबसूरती और दमदार अदाकारी ने हर किसी का ध्यान खींचा. फिल्म की सफलता के बाद महिमा को बॉलीवुड का नया चेहरा माना जाने लगा. हालांकि, शानदार शुरुआत के बावजूद उनका फिल्मी सफर लंबे समय तक वैसा नहीं चला और धीरे-धीरे वह लाइमलाइट से दूर होती चली गईं.
ऋतु चौधरी से बनीं महिमा
13 सितंबर 1973 को दार्जिलिंग में जन्मी महिमा का असली नाम ऋतु चौधरी था. बचपन से ही उन्हें मॉडल बनने का सपना था. हालांकि, उनके पिता चाहते थे कि वह पढ़ाई करके आईएएस अधिकारी बनें. परिवार के विरोध के बावजूद महिमा ने अपना सपना पूरा किया.
विज्ञापन से मिली पहचान
फिल्मों में आने से पहले महिमा ने मॉडलिंग और विज्ञापनों में काम किया. आमिर खान और ऐश्वर्या राय के साथ एक कोल्ड ड्रिंक के विज्ञापन में नजर आने के बाद उन्हें पहचान मिली. इसके बाद वह म्यूजिक चैनल पर वीजे बनीं और कई मॉडलिंग असाइनमेंट भी किए.
सुभाष घई ने बदली किस्मत
महिमा की खूबसूरती और टैलेंट पर सुभाष घई की नजर पड़ी. उन्होंने ऋतु चौधरी को नया नाम ‘महिमा चौधरी’ दिया. साल 1997 में ‘परदेस’ से महिमा ने बॉलीवुड डेब्यू किया. फिल्म सुपरहिट रही और उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला.
बड़े सितारों के साथ किया काम
‘परदेस’ की सफलता के बाद महिमा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने शाहरुख खान, संजय दत्त, अनिल कपूर और अजय देवगन जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया. अलग-अलग किरदार निभाकर उन्होंने अपनी एक्टिंग का दम दिखाया और दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई.
हादसे ने बदल दी जिंदगी
महिमा की जिंदगी में एक बड़ा मोड़ तब आया, जब वह एक भयानक कार हादसे का शिकार हुईं. इस दुर्घटना के बाद उन्हें लंबे समय तक इलाज और दर्दनाक दौर से गुजरना पड़ा. इसके बाद उनका फिल्मी करियर पहले जैसी रफ्तार नहीं पकड़ पाया.
आज भी ‘परदेस गर्ल’ के नाम से याद
समय के साथ महिमा फिल्मों से दूर होती चली गईं, लेकिन दर्शक उन्हें आज भी नहीं भूले हैं. ‘परदेस’ में उनकी मासूमियत और शानदार अभिनय लोगों के दिल में बसा हुआ है. यही वजह है कि महिमा आज भी बॉलीवुड की यादगार ‘परदेस गर्ल’ कहलाती हैं.