ऐसा एक्टर जिसे मिला बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड, बैंडिट क्वीन से विदेशों तक बनाई पहचान, कम उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
Nirmal Pandey: बॉलीवुड में बहुत से ऐसे सितारे हुए हैं, जिन्हें उनके असली नाम के बजाय किरदार के नाम से और उनके काम से जाना जाता है. ऐसे ही एक एक्टर हैं, निर्मल पांडे. वे हिंदी सिनेमा और थिएटर की दुनिया के चमकते सितारे थे. उन्होंने अपनी अदाकारी से लोगों को लोहा मनवा दिया था. वे बॉलीवुड के पहले एक्टर थे, जिन्हें बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला था. कहा जाता है कि निर्मल पांडे एक ऐसे एक्टर थे, जो हर तरह के किरदार में फिट हो जाते थे.
बचपन से था एक्टिंग का शौक
10 अगस्त 1962 को उत्तराखंड के नैनीताल में जन्मे निर्मल पांडे का असली नाम राजकुमार पांडे था. उन्हें बचपन से ही एक्टिंग का शौक था. वे स्कूल और मोहल्ले में होने वाली रामलीला और नाटकों में भाग लेते थे. कहा जाता है कि वे बचपन से ही एक्टिंग में इतने निपुण थे कि जब वे मंच पर एक्टिंग कर रहे होते थे और डायलॉग डिलीवरी करते थे, तो लोग उनके फैन हो जाते थे. हर तरफ तालियां की गूंज के साथ उनकी वाहवाही होती थी.
दिल्ली से लंदन तक का सफर
अल्मोड़ा और नैनीताल में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद वे एक्टिंग का सपना लेकर दिल्ली आए और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) से एक्टिंग की पढ़ाई शुरू की. यहां उन्होंने बारीकियों से एक्टिंग सीखी. इस दौरान उन्होंने एक्टिंग के साथ ही नाटकों को डायरेक्ट भी किया. दिल्ली में पढ़ाई पूरी करने के बाद वह लंदन चले गए. वहां वे एक थिएटर ग्रुप से जुड़े और लगभग 125 नाटकों में एक्टिंग की. इस तरह उन्होंने विदेश में भी अपनी पहचान बनाई. फिर वे भारत आ गए और एक्टिंग शुरू की.
बैंडिट क्वीन से मिली पहचान
शेखर कपूर की फिल्म 'बैंडिट क्वीन' से उन्हें पहचान मिली. फिल्म में उन्होंने विक्रम मल्लाह का किरदार निभाया था. लोग उन्हें फूलन देवी के पति के नाम से जानने लगे. इसके बाद उन्हें एक से बढ़कर एक फिल्में जैसे- 'ट्रेन टू पाकिस्तान', 'हम तुम पे मरते हैं', 'लैला', 'प्यार किया तो डरना क्या', 'इस रात की सुबह नहीं' और 'शिकारी' जैसी फिल्में मिलीं.
किन्नर का किरदार और बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड
अमोल पालेकर की फिल्म दायरा में उन्होंने एक किन्नर का किरदार निभाया था. फिल्म में उनके साथ सोनाली कुलकर्णी नजर आई थीं. इस फिल्म की खासियत ये थी कि इसमें एक्टर ने एक्ट्रेस और एक्ट्रेस ने एक्टर का किरदार निभाया था. फिल्म के हिसाब से एक्टर और एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला था. इस फिल्म के लिए निर्मल पांडे को बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला था और सोनाली कुलकर्णी को बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला था. इस तरह निर्मल पांडे पहले एक्टर बन गए थे, जिन्हें बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला.
विलेन बने और खोला इंस्टीट्यूट
निर्मल पांडे ने टीवी सीरियल में भी काम किया. वे 'हातिम' और 'प्रिंसेस डॉली और उसका मैजिक बैग' जैसे शो में विलन बने थे. उन्हें म्यूजिक में भी रुचि थी. उन्होंने साल 2002 में अपनी म्यूजिक एल्बम लॉन्च की थी. निर्मल पांडे ने गाजियाबाद में एक एक्टिंग इंस्टिट्यूट, फ्रेश टैलेंट अकैडमी शुरू किया था. उन्होंने कम उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह दिया. 18 फरवरी 2010 को 47 साल की उम्र में हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया था.