Rohit Sharma TV Debut: रोहित शर्मा से पहले TV पर गदर मचा चुके हैं ये 5 दिग्गज क्रिकेटर्स, लिस्ट में दादा से लेकर भज्जी तक शामिल
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा क्रिकेट के मैदान में धमाल मचाने के बाद अब टेलीविजन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं. ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा सोनी टीवी के नए रियलिटी शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ से अपना टीवी डेब्यू करने वाले हैं. यह शो 19 सितंबर से प्रसारित होगा, जिसमें रोहित पहली बार एक होस्ट के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे.
हालांकि, टीवी शो होस्ट करने वाले रोहित शर्मा पहले भारतीय क्रिकेटर नहीं हैं. उनसे पहले भी कई दिग्गज खिलाड़ी कमेंट्री और क्रिकेट एक्सपर्ट से आगे बढ़कर टीवी शोज की मेजबानी कर चुके हैं.
अजय जडेजा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा भी क्रिकेट से संन्यास के बाद टीवी की दुनिया में काफी सक्रिय रहे हैं. उन्होंने चैनल 7 पर 'पावर गेम' नाम का शो होस्ट किया था. इसके अलावा वह 'झलक दिखला जा' सीजन 1 में बतौर प्रतियोगी और 'कॉमेडी सर्कस' में जज के रूप में दिख चुके हैं. आज भी वह टीवी पर क्रिकेट एक्सपर्ट के तौर पर नजर आते हैं.
4. हरभजन सिंह
'टर्बनेटर' के नाम से मशहूर पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह भी टीवी शोज का हिस्सा रह चुके हैं. हरभजन एमटीवी के लोकप्रिय शो 'रोडीज' में बतौर जज और गैंग लीडर नजर आ चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने 'भज्जी ब्लास्ट' और अपनी पत्नी गीता बसरा के साथ ऑनलाइन चैट शो 'हू इज द बॉस' (Who is the Boss) भी होस्ट किया है.
3. वीरेंद्र सहवाग
अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए मशहूर पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग भी टीवी होस्टिंग में हाथ आजमा चुके हैं. सहवाग ने साल 2017 में एपिक टीवी (Epic TV) के शो 'उम्मीद इंडिया' से अपना डेब्यू किया था. इस शो में उन्होंने वैश्विक खेलों की तैयारी कर रहे 13 भारतीय एथलीटों के संघर्ष और उनकी ट्रेनिंग की कहानियां दिखाई थीं. इससे पहले 2016 में वह 'वीरू के फंडे' नाम का वेब शो भी होस्ट कर चुके हैं.
2. नवजोत सिंह सिद्धू
पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने भी छोटे पर्दे पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है. क्रिकेट के बाद सिद्धू कई सालों तक टीवी पर होस्ट और जज की भूमिका में दिखे. उन्होंने 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज', 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल', 'द कपिल शर्मा शो' और 'इंडियाज गॉट टैलेंट' जैसे शोज में काम किया है. अपनी शायरी और मजेदार डायलॉग्स की वजह से वह दर्शकों के बीच काफी पसंद किए जाते हैं.
1. सौरव गांगुली
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली क्रिकेट के साथ-साथ टीवी की दुनिया में भी काफी लोकप्रिय रहे हैं. 'दादा' ने मशहूर बंगाली क्विज शो 'दादागिरी अनलिमिटेड' को होस्ट किया है. उनके बात करने के खास अंदाज ने इस शो को घर-घर में मशहूर बना दिया. इसके अलावा गांगुली ने 'कौन बनेगा करोड़पति' के बंगाली वर्जन 'के होबे बांग्लार कोटिपोति' की मेजबानी भी की है. फिलहाल वह 'बिग बॉस बांग्ला' का तीसरा सीजन होस्ट कर रहे हैं.