स्कूल के स्टेज से बॉलीवुड तक… 13 साल की उम्र में रॉकस्टार में मिला रोल, दिल बेचारा में बनीं सुशांत सिंह राजपूत की हीरोइन
Sanjana Sanghi: बॉलीवुड में कई सितारों की एंट्री फिल्मी परिवारों से होती है लेकिन कुछ कलाकार ऐसे भी हैं, जिनकी किस्मत का दरवाजा बिल्कुल अनोखे अंदाज में खुलता है. संजना सांघी भी उन्हीं एक्ट्रेस में शामिल हैं. दिल्ली की रहने वाली संजना ने कभी नहीं सोचा था कि स्कूल में किया गया एक डांस परफॉर्मेंस उन्हें सीधे बॉलीवुड के बड़े सेट तक पहुंचा देगा. महज 13 साल की उम्र में उन्होंने रणबीर कपूर के साथ फिल्म ‘रॉकस्टार’ में काम किया और यहीं से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई.
स्कूल में डांस से फिल्मों में मिला मौका
संजना सांघी का जन्म 2 सितंबर 1996 को दिल्ली में हुआ. उन्होंने मॉडर्न स्कूल से पढ़ाई की और बाद में लेडी श्रीराम कॉलेज से जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. पढ़ाई के साथ उन्हें डांस में भी काफी दिलचस्पी थी और उन्होंने कथक की ट्रेनिंग भी ली.उनकी जिंदगी में बड़ा मोड़ तब आया, जब कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा उनकी स्कूल की एक डांस रिहर्सल के दौरान पहुंचे.
रॉकस्टार में मिला रोल
इम्तियाज अली की फिल्म 'रॉकस्टार' के लिए उन्हें एक लड़की की तलाश थी. संजना को अचानक ऑडिशन देने के लिए बुलाया गया. दिलचस्प बात यह है कि उस वक्त उन्हें ऑडिशन का मतलब तक ठीक से पता नहीं था. फिर भी उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कोशिश की और उन्हें रोल मिला.
रणबीर कपूर के साथ किया फिल्मी डेब्यू
2011 में रिलीज हुई 'रॉकस्टार' में संजना ने नरगिस फाखरी की छोटी बहन मैंडी का किरदार निभाया था. फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर जैसे बड़े कलाकार थे. उस समय संजना सिर्फ 13 साल की थीं. फिल्म की शूटिंग के दौरान भी उन्होंने पढ़ाई से समझौता नहीं किया. बताया जाता है कि 'रॉकस्टार' की शूटिंग कश्मीर में चल रही थी और उनकी परीक्षा की तैयारी से जुड़े पेपर तक वहां भेजे गए थे.
फिल्मों से ज्यादा पढ़ाई को दी प्राथमिकता
'रॉकस्टार' के बाद संजना ने तुरंत एक्टिंग को अपना करियर नहीं बनाया. उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी. इस दौरान वह कई विज्ञापनों में नजर आईं और 'बार बार देखो', 'हिंदी मीडियम' और 'फुकरे रिटर्न्स' जैसी फिल्मों में छोटे किरदार भी निभाए. कॉलेज में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और यूनिवर्सिटी में गोल्ड मेडल हासिल किया. पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका प्लेसमेंट भी हो गया था लेकिन तभी उन्हें एक ऐसा फिल्मी प्रोजेक्ट मिला, जिसने उनका पूरा करियर बदल दिया.
'दिल बेचारा' ने बना दिया लीड एक्ट्रेस
साल 2018 में संजना को मुकेश छाबड़ा की फिल्म 'दिल बेचारा' में सुशांत सिंह राजपूत के अपोजिट चुना गया. 2020 में रिलीज हुई इस फिल्म में उन्होंने किजी बसु का किरदार निभाया. यह बतौर लीड एक्ट्रेस उनका डेब्यू था. सुशांत के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसके बाद संजना ने अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए अपनी पहचान बनाने की कोशिश की। वह 'राष्ट्र कवच ओम', 'धक धक' और 'कड़क सिंह' जैसी फिल्मों में नजर आईं.