मिस वर्ल्ड का ताज, बॉलीवुड का अधूरा सफर और टूटती शादी… युक्ता मुखी की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं
Yukta Mukhi: कभी सिर पर मिस वर्ल्ड का ताज सजा तो लगा कि अब दुनिया उनकी मुट्ठी में है. खूबसूरती, आत्मविश्वास और शोहरत के साथ युक्ता मुखी ने अपने लिए एक चमकदार भविष्य का सपना देखा था लेकिन वक्त ने उनकी जिंदगी को ऐसा मोड़ दिया, जहां एक तरफ बॉलीवुड में करियर उम्मीद के मुताबिक नहीं चल पाया तो दूसरी तरफ निजी जिंदगी भी मुश्किलों से घिर गई. आज युक्ता मुखी फिल्मी दुनिया से काफी दूर हैं, लेकिन उनकी कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं रही.
20 साल की उम्र में बनीं मिस वर्ल्ड
युक्ता मुखी ने साल 1999 में फेमिना मिस इंडिया का खिताब अपने नाम किया. इसके बाद 4 दिसंबर 1999 को लंदन के ओलंपिया थिएटर में आयोजित मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया. 92 प्रतियोगियों के बीच उन्होंने मिस वर्ल्ड का ताज जीता और देश का नाम रोशन किया. वह भारत की चौथी मिस वर्ल्ड बनीं.
फिल्मों का सफर
मिस वर्ल्ड बनने के बाद युक्ता के पास मॉडलिंग और फिल्मों के कई ऑफर आए लेकिन उनका फिल्मी सफर उतना शानदार नहीं रहा, जितनी बड़ी शुरुआत उन्हें मिली थी. उन्होंने तमिल फिल्म 'Poovellam Un Vasam' से एक्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद 2002 में आफताब शिवदासानी के साथ 'प्यासा' से बॉलीवुड में कदम रखा. हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर सकी.
कई प्रोजेक्ट रहे अधूरे
'प्यासा' के बाद युक्ता मार्केट फिल्म में नजर आने वाली थीं लेकिन चोट की वजह से उन्हें यह फिल्म छोड़नी पड़ी. इसके बाद लव इन जापान, कठपुतली और मेमसाहब जैसी फिल्मों में उन्होंने काम किया. उनके नाम स्वयंसिद्ध, कब कहबा तू आई लव यू और बाद में गुड न्यूज जैसे प्रोजेक्ट भी दर्ज हैं. हालांकि इन फिल्मों से उन्हें वह स्टारडम नहीं मिला जिसकी उम्मीद मिस वर्ल्ड बनने के बाद की जा रही थी.
2008 में शादी
फिल्मी करियर के उतार-चढ़ाव के बीच युक्ता की जिंदगी में प्यार ने दस्तक दी. नवंबर 2008 में उन्होंने न्यूयॉर्क के बिजनेसमैन प्रिंस टुली से शादी की. दोनों का एक बच्चा भी है. शुरुआत में सब कुछ सामान्य नजर आया लेकिन कुछ साल बाद उनके रिश्ते में गंभीर तनाव की खबरें सामने आने लगीं.
2012 में तलाक
2012 में युक्ता ने अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने अपने पति पर घरेलू हिंसा तथा प्रताड़ना के आरोप लगाए. यह मामला सामने आने के बाद उनकी निजी जिंदगी सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गई. बाद में दोनों का रिश्ता तलाक तक पहुंच गया और 2014 में उनका तलाक हो गया.