भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग उन क्रिकेटरों में गिने जाते हैं जिन्होंने अपनी निडर और तूफानी बल्लेबाजी से दुनिया में एक अलग छोड़ी है. उनके सामने चाहे गेंदबाज कोई भी हो, उनका अंदाज हमेशा एक जैसा रहता था, उनकी कोशिश हमेशा पहली ही गेंद से अटैक करना होता था. उनके संन्यास के बाद से हमेशा से भारतीय टीम में उनकी कमी खली, हालांकि उनके बेटे आर्यवीर सहवाग भी क्रिकेट के मैदान पर अपने पिता की इसी विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिश में जुटे हैं. दिल्ली प्रीमियर लीग में आर्यवीर के कुछ शॉट्स देखकर फैंस को फिर से वीरेंद्र सहवाग की याद आ गई.
स्क्वायर ड्राइव और कवर ड्राइव ने खींचा सबका ध्यान
वेस्ट दिल्ली लायंस की तरफ से खेल रहे आर्यवीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह स्क्वायर ड्राइव और कवर ड्राइव जैसे खूबसूरत शॉट्स लगाते नजर आ रहे हैं. उनके खेलने का तरीका, टाइमिंग और बैट स्विंग बिल्कुल उनके पिता सहवाग की तरह दिख रही है. दिल्ली प्रीमियर लीग ने भी दोनों के शॉट्स की तुलना करते हुए एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें पिता और बेटे की बल्लेबाजी में हैरान कर देने वाली समानता दिखती है.
ತಂದೆಗೆ ತಕ್ಕ ಮಗ!😎😍#VirenderSehwag #AryavirSehwag #StarSportsKannada pic.twitter.com/rN8d8X9Eay
— Star Sports Kannada (@StarSportsKan) August 24, 2026
वीरेंद्र सहवाग का शानदार करियर
वीरेंद्र सहवाग ने 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला वनडे मैच खेला था. उन्होंने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट मिलाकर 374 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और कुल 17,253 रन बनाए. उनके नाम 38 शतक और 72 अर्धशतक दर्ज हैं. सहवाग टेस्ट मैच में भी पहली गेंद से ही तेजी से रन बनाने के लिए मशहूर थे और इसी अंदाज ने उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक ओपनर्स की लिस्ट में शामिल किया.
वेस्ट दिल्ली लायंस को मिली हार
हालांकि, मैच के लिहाज से यह दिन आर्यवीर की टीम वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए खास नहीं रहा. पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 232 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस ने 4.5 ओवर में 71 रन बना लिए थे, लेकिन इसी दौरान आर्यवीर आउट हो गए.
इसके बाद कृष्णा यादव (46 रन) और अंकित कुमार (61 रन) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने टीम की उम्मीदें बनाए रखीं. लेकिन महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट गिरने से टीम की रफ्तार धीमी पड़ गई. आखिरकार वेस्ट दिल्ली लायंस 20 ओवर में 8 विकेट पर 211 रन ही बना सकी और मैच 21 रन से हार गई. भले ही आर्यवीर इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन उनके क्लासिक शॉट्स की चर्चा चारों तरफ हो रही है.