Finn Allen World Record: IPL 2026 के 51वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर के सलामी बल्लेबाज फिन एलन (Finn Allen) ने इतिहास रच दिया. फिन एलन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सिर्फ 47 गेंदों पर शतक जड़ दिया. उनकी इस तूफानी पारी के चलते केकेआर ने 34 गेंद बाकी रहते ही 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया. यह फिन एलन का आईपीएल में पहला शतक है. इसी के साथ फिन एलन ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है.
इस साल फिन एलन का यह तीसरा टी20 शतक है. आईपीएल से पहले फिन एलन ने बिग बैश लीग और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी शतक लगाया था. अब आईपीएल में भी फिन एलन ने शतक लगा दिया है. इसी के साथ फिन एलन एक कैलेंडर ईयर में टी20 में 3 शतक लगाने वाले पहले न्यूजीलैंड खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले किसी दूसरे कीवी बल्लेबाज ने ऐसा कारनामा नहीं किया है.
फिन एलन की आंधी में उड़ी दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली कैपिटल्स ने केकेआर (KKR) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 142 रन बनाए. इसके जवाब में उतरी केकेआर की टीम ने 14.2 ओवर में 8 विकेट से मैच जीत लिया. केकेआर के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने 47 गेंदों पर तूफानी शतक लगाया. उनकी इस तूफानी पारी के दौरान 5 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के देखने को मिले. उनके अलावा कैमरन ग्रीन ने 27 गेंदों पर 33 रनों की पारी खेली.
फिन एलन ने केकेआर के लिए बनाया रिकॉर्ड
फिन एलन आईपीएल में केकेआर के लिए शतक लगाने वाले सिर्फ चौथे खिलाड़ी बने हैं. इससे पहले केकेआर के लिए ब्रेंडन मैकुलम, वेंकटेश अय्यर और सुनील नरेन शतक लगा चुके हैं. अब फिन एलन का नाम भी इस लिस्ट में शामिल हो गया है.
दिल्ली कैपिटल्स की करारी हार
दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को केकेआर के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा है. अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 142 रन बनाए. दिल्ली की ओर से सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका ने 29 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली. उनके अलावा केएल राहुल ने 14 गेंदों पर 23 रन बनाए. वहीं, लोअर ऑर्डर में आशुतोष राणा ने 28 गेंदों पर 39 रनों की पारी खेली. इसके अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज कमाल नहीं कर सका. इसके चलते दिल्ली को 8 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी.