Delhi Crime: दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में एक कार के अंदर दो लोगों की मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान है. गाड़ी के भीतर एक महिला और एक पुरुष बेहोशी की हालत में मिले थे. दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. पुलिस को कार से जहरीले पदार्थ के पैकेट भी मिले हैं. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है लेकिन इस घटना से जुड़ी कुछ पुरानी बातें कई सवाल खड़े कर रही हैं.
बंद कार में मिले
यह घटना 11 नवंबर की है। मोहन गार्डन थाने में एक युवक ने पीसीआर कॉल कर पुलिस को बताया कि लाल फार्म के पास खड़ी एक बंद कार में दो लोग बेहोश पड़े हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहां सफेद रंग की हुंडई सैंट्रो कार खड़ी थी. जब पुलिस ने अंदर देखा तो एक महिला और एक पुरुष अचेत अवस्था में मिले. दोनों की पहचान 46 वर्षीय सुरेंद्र और 45 वर्षीय गीता के रूप में हुई. पुलिस को कार की तलाशी के दौरान सल्फास के दो पैकेट भी मिले. इसके बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया.
नहीं बच सकी दोनों की जान
अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया लेकिन उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि वे बयान देने की स्थिति में भी नहीं थे. इलाज के दौरान पहले गीता की मौत हो गई. कुछ समय बाद सुरेंद्र ने भी दम तोड़ दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.
15 साल से होमगार्ड था व्यक्ति
पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र करीब 15 साल से दिल्ली होमगार्ड में अस्थायी कर्मचारी के तौर पर काम कर रहा था. उसकी तैनाती जहांगीरपुरी में थी। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। वहीं, गीता के भी दो बेटे हैं. बता दें कि इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात गीता के पति की मौत है. पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को शाहबाद डेयरी इलाके में उसकी भी संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हुई थी. शुरुआती जांच में पता चला है कि सुरेंद्र और गीता पिछले करीब 10 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे. सुरेंद्र की पहचान गीता के पति से भी थी. फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: झारखंड के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की बढ़ी मुश्किलें, 14 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, POCSO में FIR