Chhattisgarh Child Death News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक ऐसी ही दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेलते समय दो साल के मासूम ने जमीन पर पड़ा एक छोटा सा पटाखा उठा लिया और उसे मुंह में डाल लिया. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि पलभर में यह छोटी सी गलती इतनी भारी पड़ जाएगी. पटाखा बच्चे के मुंह के अंदर ही फट गया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके.
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 9 नवंबर की सुबह सीतापुर थाना क्षेत्र के नवापारा गांव की है. जानकारी के मुताबिक, दो साल का आदित्य आसपास के दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था. बच्चे दिवाली पर इस्तेमाल होने वाले लहसुन के आकार के ‘पॉप-पॉप’ पटाखे फोड़ रहे थे. ये पटाखे जमीन पर फेंकने या दबाव पड़ने से फट जाते हैं. इसी दौरान आदित्य की नजर जमीन पर पड़े एक छोटे पैकेट पर गई. उसने उसे उठाया और बिना कुछ समझे मुंह में डाल लिया. कुछ ही पल बाद पटाखा उसके मुंह के अंदर फट गया. धमाके से उसके मसूड़ों में चोट लगी और खून बहने लगा.
सीतापुर के बाद अंबिकापुर में इलाज
बच्चे के पिता इंद्रजीत मांझी के मुताबिक, परिवार को इस घटना की जानकारी दूसरे बच्चों से मिली. वे तुरंत आदित्य को सीतापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां इलाज के बाद जब खून बहना बंद हुआ तो परिवार उसे घर ले आया. हालांकि कुछ समय बाद बच्चे के मुंह से दोबारा खून आने लगा. इसके बाद परिजन उसे फिर अस्पताल ले गए. हालत गंभीर होने पर 11 नवंबर को उसे अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया.
डॉक्टर भी देखकर रह गए हैरान
परिवार ने आदित्य को बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन 11 नवंबर की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों को बच्चे के गले के अंदर पटाखे के अवशेष भी मिले हैं. पुलिस के मुताबिक, सीतापुर क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: झारखंड के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की बढ़ी मुश्किलें, 14 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, POCSO में FIR