Pakistan TikTok Video Tiger Attack: पाकिस्तान में TikTok वीडियो बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक बाघ के हमले में 19 साल के फार्म कर्मचारी की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, घटना के समय सोशल मीडिया के लिए वीडियो शूट किया जा रहा था. इस मामले में पुलिस ने फार्महाउस के मालिक और एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों को शक है कि इस घटना में लापरवाही बरती गई और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया गया.गिरफ्तार TikToker की पहचान नोमान हसन के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर उसके 25 लाख से ज्यादा और TikTok पर करीब 9.28 लाख फॉलोअर्स हैं.
वीडियो बनाने के लिए पिंजरे से निकाला बाघ
मृतक के पिता मुनीर अहमद की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, हसन वीडियो शूट करने के लिए बाघ को उसके पिंजरे से बाहर लेकर आया था. इसी दौरान बाघ ने अचानक 19 वर्षीय युवक पर हमला कर दिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में चोटों के कारण उसकी मौत हो गई.पुलिस का आरोप है कि घटना की असली वजह छिपाने के लिए इसे कुत्ते का हमला बताने की कोशिश की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फार्महाउस के मालिक और TikToker दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
🚨 टिकटॉक वीडियो बनाने के चलते 19 वर्षीय केयर टेकर की जान चली गई । वीडियो बनाने के लिए केयर टेकर को टाइगर के साथ लगाया गया जो उसकी जान पर भारी पड़ गया। इस मामले में फार्म हाउस के मालिक और टिक टॉकर नोमान हसन को लाहौर पुलिस ने गिरफ्तार किया। https://t.co/KiUKOKqXSn
— Madhurendra kumar मधुरेन्द्र कुमार (@Madhurendra13) November 13, 2026
वन्यजीव विभाग को सौंपा गया बाघ
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद बाघ को वन्यजीव अधिकारियों के हवाले कर दिया गया है. अब अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि फार्महाउस मालिक के पास बाघ रखने का वैध परमिट था या नहीं. इसके अलावा फार्महाउस में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी भी जांच हो रही है.इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.लाहौर पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “TikTok का शौक किसी इंसान की जिंदगी से ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं हो सकता.”उन्होंने आगे कहा कि मनोरंजन या शौक के नाम पर किसी की जान जोखिम में डालने की अनुमति नहीं दी जा सकती. घटना के तथ्यों को छिपाने की कोशिश और लापरवाही से जुड़े हर पहलू की जांच की जाएगी.
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई नाराजगी
इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में गुस्सा और चिंता देखने को मिल रही है. कई यूजर्स ने सवाल उठाए हैं कि मनोरंजन के लिए किसी जंगली जानवर का इस्तेमाल क्यों किया गया.
एक यूजर ने लिखा, “बाघों की जगह निजी फार्महाउस या TikTok सेट नहीं, बल्कि उनका प्राकृतिक आवास है. जंगली प्रकृति को मनोरंजन का साधन बनाने की कीमत बहुत भारी पड़ती है.”
एक अन्य यूजर ने कहा, “बाघ जंजीर से बंधा हुआ था, फिर भी वीडियो बनाने के लिए एक लड़के को उसके करीब जाने दिया गया. कंटेंट क्रिएटर और फार्महाउस मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाघ ने वही किया जो बाघ स्वाभाविक रूप से करते हैं, जब कोई इंसान उनके बहुत करीब पहुंच जाता है.” वहीं, तीसरे यूजर ने लिखा, “ये जानवर बहुत विशाल और ताकतवर होते हैं. इनके साथ इस तरह का खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए.”