IND vs AFG 2nd ODI: भारतीय टीम 17 जून यानी बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा वनडे मैच खेलेगी. यह मुकाबला लखनऊ के एकाना स्टेडियम में खेली जाएगी. शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने पहले वनडे मैच में अफगानिस्तान को हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी. अब दूसरे वनडे मैच में टीम इंडिया जीत हासिल कर सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.
इस मैच में भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव किए जा सकते हैं, क्योंकि टीम मैनेजमेंट ने पहले ही साफ किया था कि वह अलग-अलग टीम कॉम्बिनेशन आजमाएंगे. इसी वजह से माना जा रहा है कि दूसरे वनडे मैच में भारत की प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव होंगे. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस मैच में भारत की प्लेइंग-11 कैसी हो सकती है.
यशस्वी जायसवाल को मिलेगा मौका!
विराट कोहली के चोटिल होने के बाद उनकी जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया था. हालांकि पहले मैच में विराट कोहली की जगह ईशान किशन खेलते दिखाई दिए. ईशान किशन ने अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन इस मैच में उनकी जगह जायसवाल खेलते दिखाई दे सकते हैं. जायसवाल भी पिछले कुछ महीनों से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट जायसवाल को तीसरे नंबर पर मौका दे सकती है. इस मुकाबले में हर किसी की निगाहें दिग्गज सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा पर टिकी होंगी. रोहित शर्मा पिछले मैच में जल्दी रन आउट हो गए थे. ऐसे में इस मुकाबले में रोहित शर्मा बड़ी पारी खेलना चाहेंगे.
क्या कुलदीप यादव की होगी वापसी?
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे मैच में कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 से बाहर रखा गया था. दरअसल, पिछले कुछ समय से कुलदीप अच्छे फॉर्म में नहीं चल रहे हैं. हालांकि वह भारतीय टीम के सबसे सफल स्पिन गेंदबाजों में से एक रहे हैं. वह बीच के ओवरों में रन को कंट्रोल करते हैं. ऐसे में कुलदीप यादव की प्लेइंग-11 में वापसी हो सकती है. वहीं, तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को अपने डेब्यू के लिए और भी इंतजार करना होगा. पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने पिछले मैच में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी. ऐसे में इस मुकाबले में भी गूरनूर बरार खेलते दिखाई देंगे.
दूसरे वनडे में भारत की संभावित प्लेइंग-11
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल/ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे/कुलदीप यादव, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा/प्रिंस यादव.