India Squad For Sri Lanka Tour: BCCI ने श्रीलंका के खिलाफ अगले महीने होने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया है. इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में कई बड़े बदलाव किए गए हैं. शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम में स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की वापसी हुई है. जडेजा करीब 8 महीने बाद भारत की टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं. इसके अलावा मध्य प्रदेश के अनुभवी ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार टीम इंडिया में शामिल किया गया है. उन्हें चोटिल वाशिंग्टन सुंदर की जगह पर मौका दिया गया है. सुंदर को इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज के दौरान चोट लगी थी.
बुमराह-सुदर्शन के खेलने पर सस्पेंस
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन को भी स्क्वाड में शामिल किया गया है. हालांकि इन दोनों खिलाड़ियों के खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है. दरअसल, इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा कि वह खेल पाएंगे या फिर नहीं. अगर उन दोनों को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस की मंजूरी मिलती है, तो वे श्रीलंका में खेलते दिखाई दे सकते हैं.
ये खिलाड़ी हुए बाहर
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम से 3 खिलाड़ियों को बाहर किया गया है, जो अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच का हिस्सा थे. इनमें हर्ष दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी और वाशिंग्टन सुंदर शामिल हैं. रविंद्र जडेजा की वापसी से हर्ष दुबे को टीम से बाहर किया गया है. वहीं, नीतीश रेड्डी और वाशिंग्टन सुंदर चोट की वजह से स्क्वाड से बाहर किए गए हैं.
🚨 News 🚨#TeamIndia‘s squad for the 2⃣-match Test Series against Sri Lanka announced
Note: Washington Sundar was not available for selection for the first Test.
More Details ▶️ https://t.co/Vk0Xd8Axmq #SLvIND pic.twitter.com/NuCcKBohMj
— BCCI (@BCCI) July 28, 2026
कब खेली जाएगी सीरीज?
भारत और श्रीलंका (IND vs SL) के बीच पहला टेस्ट मैच 15 से 19 अगस्त तक गॉल में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के SSC मैदान पर होगा.
दोनों टीमों के लिए अहम सीरीज
भारत और श्रीलंका (IND vs SL) के लिए यह सीरीज काफी अहम होने वाली है. अगर शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम इस दौरे पर श्रीलंका को क्लीन स्वीप करती है, तो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के प्वाइंट्स टेबल में काफी फायदा मिलेगा. फिलहाल भारतीय टीम इस टेबल में 5वें नंबर पर है.
श्रीलंका दौरे के लिए भारत की स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध, गुरनूर बरार और सारांश जैन.