Ishan Kishan on Abhishek Sharma: क्रिकेट के मैदान पर जब अभिषेक शर्मा का बल्ला चलता है, तो गेंदबाजों की नींद उड़ जाती है. न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही हुआ. अभिषेक ने ऐसी तूफानी पारी खेली कि कीवी गेंदबाजों के पास उन्हें रोकने का कोई जवाब नहीं था. भारत ने 199 रनों का लक्ष्य महज 13.2 ओवर में हासिल कर लिया. अब अभिषेक की इस धमाकेदार बल्लेबाजी पर ईशान किशन ने ऐसा मजेदार कमेंट किया है, जिसे सुनकर फैंस की हंसी छूट सकती है.
35 गेंद में ठोक दिया शतक
तीसरे टी20 मैच में अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उन्होंने महज 38 गेंदों में नाबाद 113 रनों की विस्फोटक पारी खेली. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया. यह टी20 इंटरनेशनल में किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज शतक है. अभिषेक ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया. उनके सामने कीवी गेंदबाजों की सारी रणनीतियां धरी रह गईं.
The irony, Abhi 😂🧡 https://t.co/Hg4HZhUQzC
— SunRisers Hyderabad (@SunRisers) October 27, 2026
ईशान ने खोल दी पोल
शतक पूरा करने के बाद अभिषेक ने अपने खास मेडिटेशन पोज में जश्न मनाया लेकिन उनके साथी खिलाड़ी ईशान किशन ने इसी अंदाज को लेकर मजे ले लिए. सनराइजर्स हैदराबाद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें ईशान कहते नजर आए कि अभिषेक खुद तो मेडिटेशन करते हैं लेकिन दूसरों की मेंटल हेल्थ खराब करने में कोई कसर नहीं छोड़ते. ईशान का इशारा साफ था, अभिषेक भले ही मैदान पर शांत रहने का संदेश दें लेकिन उनकी बल्लेबाजी देखकर विरोधी गेंदबाजों का तनाव बढ़ना तय है.
वैभव सूर्यवंशी ने भी मचाया धमाल
इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने भी अपने बल्ले से खूब धमाल मचाया. उन्होंने महज 19 गेंदों में 45 रन ठोक दिए. अभिषेक और वैभव ने मिलकर शुरुआती सात ओवरों में ही 133 रन बना डाले. इतनी तेज बल्लेबाजी के बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के लिए वापसी करना बेहद मुश्किल हो गया.
ये भी पढ़ें: ICC Latest Rankings 2026: अभिषेक शर्मा फिर बने दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज, इस गेंदबाज ने जडेजा से छीना ताज