Justin Greaves World Record: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच त्रिनिदाद में पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस मैच में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जस्टिन ग्रीव्स ने इतिहास रच दिया. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा कारनामा किया, जो टेस्ट क्रिकेट में पहले कभी नहीं हुआ. दरअसल, जस्टिन ग्रीव्स ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में अपनी दूसरी स्पेल में खतरनाक गेंदबाजी की. उन्होंने लगातार 5 मेडन ओवर डाले. दिलचस्प बात यह रही कि इन सभी 5 ओवरों में उन्होंने 1-1 विकेट चटकाया. इसी के साथ जस्टिन ग्रीव्स लगातार 5 मेडन ओवर में 5 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने हैं. उनकी घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान का बल्लेबाजी ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढह गया.
जस्टिन ग्रीव्स ने तोड़ा स्टुअर्ट ब्रॉड का रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जस्टिन ग्रीव्स ने अपने पहले स्पेल में 1 मेडन के साथ 6 ओवर डाले, जिसमें बिना विकेट लिए 27 रन लुटाए. इसके बाद जब वह दूसरी स्पेल में गेंदबाजी करने आए, तो पाकिस्तानी टीम को तहस-नहस कर दिया. उन्होंने लगातार 5 मेडन ओवर डालते हुए 5 विकेट चटकाए. यह 149 साल के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ है. इससे पहले इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने लगातार 4 मेडन ओवर में 4 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था. अब जस्टिन ग्रीव्स ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है.
Had it on a string ✨#WIvPAK | #MenInMaroon | #Milestone pic.twitter.com/QwWI4eYW2f
— Windies Cricket (@windiescricket) July 27, 2026
जस्टिन ग्रीव्स ने कैसे झटके 5 विकेट?
पाकिस्तान की टीम अपनी पहली पारी खेल रही थी और मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी. इस बीच जस्टिन ग्रीव्स पाकिस्तानी बल्लेबाजों के लिए काल बनकर खड़े हो गए. उन्होंने पहले पाकिस्तान के शान मसूद को बोल्ड किया, जो शतक बनाकर खेल रहे थे. इसके बाद आमिर जमाल को अगला शिकार बनाया, जो 3 रन बनाकर आउट हुए. फिर उन्होंने अगले ओवर में अली उस्मान को शून्य पर ही पवेलियन भेज दिया. इसके बाद जस्टिन ग्रीव्स ने मोहम्मद रिजवान को आउट किया और फिर मोहम्मद अब्बास को भी पवेलियन भेज दिया.
मैच का क्या हाल?
मैच की बात करें, तो वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 311 रन बनाए थे. वेस्टइंडीज की ओर से शाई होप ने 92 रन और केवम हॉज ने 84 रनों की पारी खेली. इसके जवाब में उतरी पाकिस्तानी टीम अपनी पहली पारी में 282 पर ही ढेर हो गई. इससे वेस्टइंडीज को 29 रनों की बढ़त मिल गई. दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने 7 विकेट के नुकसान पर 126 बनाकर 156 रनों की लीड ले ली है. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज 155 रनों से आगे है.