भारत के लिए अब तक 320 खिलाड़ियों ने टेस्ट क्रिकेट खेला है. इनमें से 283वें नंबर की टेस्ट कैप पहनने वाले लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया है. कर्ण शर्मा ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी. यह वही मैच था जिसमें विराट कोहली ने पहली बार भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी.
कर्ण शर्मा का अंतरराष्ट्रीय करियर भले ही लंबा नहीं रहा, लेकिन घरेलू क्रिकेट और आईपीएल (IPL) में उनका प्रदर्शन शानदार रहा. 38 साल की उम्र में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट को पूरी तरह अलविदा कह दिया है.
संन्यास लेते हुए कर्ण शर्मा ने क्या कहा?
हाल ही में यूपी टी20 लीग में खेल रहे कर्ण शर्मा ने अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा, ‘अब मैं क्रिकेट से संन्यास लेना चाहता हूं. मैं अपने परिवार, बीसीसीआई (BCCI), रेलवे, यूपीसीए, आंध्र, विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन और उन सभी लोगों का दिल से आभारी हूं जिन्होंने इस पूरे सफर में मेरा साथ दिया. आगे चलकर मैं कोचिंग और क्रिकेट से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियों के लिए उपलब्ध रहूंगा.’
IPL में लगातार तीन ट्रॉफी जीतने का अनोखा रिकॉर्ड
मेरठ में जन्मे कर्ण शर्मा ने 2007 में रेलवे की तरफ से खेलते हुए अपने प्रथम श्रेणी (First-Class) करियर की शुरुआत की थी. अपने 19 साल लंबे करियर में उन्होंने रेलवे के अलावा विदर्भ और आंध्र प्रदेश की टीमों का भी प्रतिनिधित्व किया.
आईपीएल में कर्ण शर्मा ने सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए मैच खेले. उनके नाम आईपीएल का एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है—वह लगातार तीन सीजन में तीन अलग-अलग टीमों के साथ आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने थे. उन्होंने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद, 2017 में मुंबई इंडियंस और 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ यह खिताब जीता.
कैसा रहा कर्ण शर्मा का करियर?
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट: भारत के लिए 1 टेस्ट, 2 वनडे और 1 टी20 मैच खेलते हुए उन्होंने कुल 5 विकेट लिए और 8 रन बनाए.
प्रथम श्रेणी (First-Class): 97 मैचों में 270 विकेट हासिल किए और 2 शतकों की मदद से 2,866 रन बनाए.
लिस्ट-ए और टी20: लिस्ट-ए मैचों में 1,827 रन बनाए, जबकि टी20 करियर में कुल 1,601 रन दर्ज किए.
आईपीएल (IPL): कुल 90 मैच खेले और 83 बल्लेबाजों को आउट किया. उन्होंने अपना पहला आईपीएल मैच 2009 में और आखिरी मैच 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए खेला.