FIR Registered against Mohammed Shami brother Kaif: टीम इंडिया के अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ़ के ख़िलाफ़ एक महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में FIR दर्ज की गई है. महिला का आरोप है कि कैफ़ ने शादी का झूठा वादा करके छह साल तक उसका यौन शोषण किया. पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसने उस पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया. महिला की शिकायत के बाद लखनऊ के अखियाना थाने में केस दर्ज किया गया है. पीड़िता ने कैफ़ के भाई हसीब पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है.
लखनऊ के अखियाना थाने में दर्ज FIR के मुताबिक, महिला की मुलाक़ात मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ़ से 2020 में एक कॉमन फ्रेंड के ज़रिए हुई थी. उस समय महिला गाजियाबाद की एक पॉश सोसाइटी में रहती थी. अपनी शिकायत में महिला ने कहा है कि कैफ़ ने उससे शादी करने का वादा किया था. पीड़िता तलाक़शुदा है और उसका एक बेटा है.पीड़िता के मुताबिक, कैफ़ यह सब जानने के बाद भी उससे शादी करने को तैयार था और उसके बेटे को कोई एतराज़ नहीं था. उसने शादी का झांसा देकर करीब दो महीने तक उसका यौन शोषण किया और शादी को टालता रहा.
2023 में कोलकाता के एक होटल में किया रेप
FIR के मुताबिक, महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 9 दिसंबर, 2023 को कैफ ने शादी का झांसा देकर कोलकाता के एक होटल में उसका रेप किया. इसके बाद भी वह अलग-अलग शहरों और जगहों पर उसका यौन शोषण करता रहा. पीड़िता के मुताबिक, कैफ ने दिसंबर 2025 में IPL ऑक्शन के बाद उससे शादी करने की बात कही थी, लेकिन फिर शादी को टालता रहा.
इसके अलावा, महिला ने कैफ पर नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर करने का भी आरोप लगाया. पीड़िता ने बताया कि उसने 2023 से 2026 तक नई दिल्ली में एक एयरलाइन कंपनी में केबिन क्रू मेंबर के तौर पर काम किया. हालांकि, कैफ को उसकी नौकरी पसंद नहीं थी और उसने उस पर नौकरी छोड़ने का दबाव डाला.
कैफ के भाई पर धमकी देने का आरोप
अपनी शिकायत में, महिला ने मोहम्मद कैफ के भाई हसीब पर भी उसे धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़िता ने बताया कि जब उसने शादी के लिए दबाव डाला तो कैफ ने अपने भाई हसीब से उसे फोन करवाकर अमरोहा में अपने घर बुलाया. वहां उसकी मुलाकात कैफ की मां और भाई हसीब से हुई. इस दौरान हसीब ने उसे धमकाया, जिसके बाद महिला ने शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद कैफ के खिलाफ रेप और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है. बता दें कि मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ भी क्रिकेटर हैं और डोमेस्टिक क्रिकेट में बंगाल क्रिकेट टीम के लिए खेलते हैं.