Noman Ali World Record: पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय बांग्लादेश दौरे पर है. दोनों टीमों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. पहला टेस्ट मैच ढाका के शेर-ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में पाकिस्तान के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज नोमन अली ने इतिहास रच दिया. पाकिस्तानी गेंदबाज नोमन अली ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए हैं. हालांकि इसमें कोई खास बात नहीं है, क्योंकि दुनिया के कई गेंदबाजों ने यह मुकाम हासिल किया है.
दिलचस्प बात यह है कि नोमन अली टेस्ट में 100 विकेट पूरे करने वाले सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी बने हैं. हालांकि नोमन अली को काफी पहले ही यह कारनामा कर लेना चाहिए थे, लेकिन उन्हें काफी समय लग गया. अब उन्होंने 39 साल की उम्र में यह मुकाम हासिल किया है.
नोमन अली ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
पाकिस्तानी गेंदबाज नोमन अली ने साल 2021 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था. उसके बाद से ही वह पाकिस्तानी टीम का हिस्सा हैं. अब बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नोमन अली ने अपने 100 विकेट पूरे किए हैं. नोमन अली यह मुकाम हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने इंग्लैंड के बॉबी पील का अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इंग्लिश गेंदबाज बॉबी पील ने 39 साल 180 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था. वहीं, पाकिस्तान के स्पिनर नोमन अली ने 39 साल और 219 दिन की उम्र में 21 मैचों में यह कीर्तिमान बनाया है.
कौन हैं बॉबी पील?
बॉबी पील इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी हैं. उन्होंने साल 1896 में 39 साल 180 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे किए थे. बॉबी पील ने टेस्ट क्रिकेट में कुल 20 मैच खेले थे, जिनमें उनके नाम 101 विकेट दर्ज हैं.
बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान मैच का हाल
मैच की बात करें, तो बांग्लादेश ने पहली पारी में 413 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान पहली इनिंग में 386 रन ही बना पाया. इससे बांग्लादेश को 27 रनों की लीड मिल गई. फिर बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए और पारी घोषित कर दी. इससे पाकिस्तान को दूसरी पारी में चेज करने के लिए 268 रनों का टारगेट मिला. फिलहाल पाकिस्तान ने 4 विकेट के नुकसान पर 119 रन बना लिए हैं. अभी पाकिस्तान को जीतने के लिए 149 रनों की जरूरत है. पाकिस्तान के सलमान आगा और सउद शकील क्रीज पर मौजूद हैं.