PAK vs ENG ODI Match: पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे त्रिकोणीय सीरीज के चौथे मुकाबले में रोमांचक जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बना ली है. रविवार को गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने 1 विकेट से जीत हासिल की. टीम की जीत के हीरो शादाब खान रहे, जिन्होंने हारिस रऊफ के साथ आखिरी विकेट के लिए 89 रन की नाबाद साझेदारी कर हारी हुई बाजी पलट दी. शादाब ने 113 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर नाबाद लौटे.
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट कटाया. वहीं, श्रीलंका 2 में से 1 मुकाबला जीतकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड लगातार तीन मैच गंवाकर तीसरे पायदान पर पहुंच गया है. इंग्लैंड को 29 अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ खेलना है. फाइनल मुकाबला 31 अक्टूबर को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित होगा.
इंग्लैंड के लिए बेन डकेट ने लगाया शतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम 46.4 ओवर में 241 रन पर सिमट गई. टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 19 रन के स्कोर पर उसके तीन विकेट गिर गए. इसके बाद जॉर्डन कॉक्स और बेन डकेट ने चौथे विकेट के लिए 33 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की. हालांकि, कॉक्स 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
डकेट ने सैम करन के साथ पांचवें विकेट के लिए 93 रन की अहम साझेदारी की. डकेट ने विल जैक्स के साथ भी 30 रन जोड़े. जैक्स 13 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डकेट ने 111 गेंदों में 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 105 रन की शानदार पारी खेली. सैम करन ने 52 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 42 रन बनाए.
अंतिम ओवरों में गस एटकिंसन ने नाबाद 36 रन बनाकर इंग्लैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. उन्होंने हेनरी क्रोकॉम के साथ आखिरी विकेट के लिए 40 रन जोड़े.
पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहीन अफरीदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 46 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. रजाउल्लाह और अराफात मिन्हास को 2-2 विकेट मिले, जबकि हारिस रऊफ ने एक बल्लेबाज को आउट किया.
पाकिस्तान टीम के 154 रन पर गिर गए थे 9 विकेट
242 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी निराशाजनक रही. टीम ने 31 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए. इसके बाद सलमान आगा ने 26 रन बनाकर पारी को संभालने का प्रयास किया. उन्होंने साद बेग के साथ चौथे विकेट के लिए 43 रन और हसन नवाज के साथ पांचवें विकेट के लिए 28 रन की साझेदारी की.
साद बेग ने 32 रन बनाए, जबकि हसन नवाज 15 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद पाकिस्तान की पारी लगातार लड़खड़ाती रही और 154 रन के स्कोर तक टीम के नौ विकेट गिर चुके थे. एक समय ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड आसानी से मुकाबला जीत लेगा.
शादाब खान ने पलटा मैच का रुख
मुश्किल परिस्थितियों में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे शादाब खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को यादगार जीत दिलाई. उन्होंने हारिस रऊफ के साथ मिलकर आखिरी विकेट के लिए 80 गेंदों में 89 रन की नाबाद साझेदारी की और इंग्लैंड की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
शादाब खान ने 96 गेंदों में 13 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 113 रन बनाए. दूसरी ओर, हारिस रऊफ 7 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई इस साझेदारी ने पाकिस्तान को एक विकेट से रोमांचक जीत दिला दी.
इस मुकाबले में शादाब और हारिस की साझेदारी ने वनडे क्रिकेट में सफल रन चेज के दौरान 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बनाया.
इंग्लैंड की ओर से जेमी ओवरटन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिए. गस एटकिंसन और लियाम डॉसन ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि हेनरी क्रोकॉम और विल जैक्स को एक-एक सफलता मिली.