टेस्ट क्रिकेट को क्रिकेट के खेल का सबसे कठिन फॉर्मेट माना जाता है. यहां बल्लेबाजी करना हर किसी बल्लेबाज की बस की बात नहीं होती. क्रिकेट इतिहास में कुछ ऐसे खिलाड़ी हुए हैं जिन्होंने 20 साल से भी ज्यादा समय तक अपने देश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेला. इन खिलाड़ियों ने अपने लगातार अच्छे प्रदर्शन से साबित किया कि मेहनत और लगन के दम पर लंबे समय तक सफलता हासिल की जा सकती है. आइए जानते हैं उन टॉप 5 क्रिकेटरों के बारे में जिन्होंने लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट खेला.
इस लिस्ट में सबसे ऊपर इंग्लैंड के महान ऑलराउंडर विल्फ्रेड रोड्स का नाम है. उन्होंने 1 जून 1899 को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया और 12 अप्रैल 1930 तक खेलते रहे. उनका टेस्ट करियर 30 साल 315 दिन का रहा, जो आज भी सबसे लंबा माना जाता है. उन्होंने इंग्लैंड के लिए 58 टेस्ट मैच खेले. वहीं, दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के ब्रायन क्लोज़ हैं. उन्होंने 23 जुलाई 1949 से 13 जुलाई 1976 तक 26 साल 356 दिन का टेस्ट करियर पूरा किया और 22 टेस्ट मैच खेले. तीसरे स्थान पर इंग्लैंड के फ्रैंक वूली हैं, जिन्होंने 25 साल 13 दिन लंबे करियर में 64 टेस्ट मैचों में अपनी टीम का प्रतिनिधित्व किया.
जॉर्ज हेडली ने छोड़ी अलग पहचान
वेस्टइंडीज़ के दिग्गज बल्लेबाज़ जॉर्ज हेडली इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं. उनका टेस्ट करियर 11 जनवरी 1930 से 21 जनवरी 1954 तक यानी 24 साल 10 दिन चला. उन्होंने सिर्फ 22 टेस्ट मैच खेले, लेकिन अपनी शानदार बल्लेबाजी से दुनिया भर में पहचान बनाई. बेहतरीन प्रदर्शन की वजह से उन्हें “ब्लैक ब्रैडमैन” भी कहा जाता था. आज भी वे वेस्टइंडीज क्रिकेट के सबसे महान बल्लेबाज़ों की लिस्ट में शामिल हैं.
सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड आज भी खास
भारत के महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं. उन्होंने 15 नवंबर 1989 को टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा और 16 नवंबर 2013 तक खेलते रहे. उनका टेस्ट करियर 24 साल 1 दिन का रहा. इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड 200 टेस्ट मैच खेले और 15,921 रन बनाए. सचिन समेत इस लिस्ट के सभी खिलाड़ियों ने दिखाया कि लंबे समय तक शीर्ष स्तर पर बने रहने के लिए प्रतिभा के साथ मेहनत सबसे ज्यादा जरूरी होता है.