मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में अपनी टीम और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को और मजबूत करने के लिए पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर जुबिन भरूचा को अपना ‘डायरेक्टर ऑफ परफॉर्मेंस’ नियुक्त किया है. पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम ने यह कदम खिलाड़ियों के विकास और ट्रेनिंग सिस्टम को बेहतर बनाने के इरादे से उठाया है.
56 साल के जुबिन भरूचा लंबे समय से क्रिकेट डेवलपमेंट और हाई-परफॉर्मेंस सिस्टम पर काम कर रहे हैं. वह साल 2008 में राजस्थान रॉयल्स के साथ बतौर टीम डायरेक्टर जुड़े थे और 2015 तक इस पद पर रहे. इसके बाद उन्होंने कुछ समय दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ काम किया और 2018 में फिर राजस्थान रॉयल्स लौट आए. वहां उन्होंने ‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस’ और हाई-परफॉर्मेंस स्ट्रक्चर की कमान संभाली.
मुंबई इंडियंस के मुताबिक, भरूचा टीम के मौजूदा सपोर्ट स्टाफ और लीडरशिप ग्रुप के साथ मिलकर काम करेंगे और खिलाड़ियों की ट्रेनिंग व परफॉर्मेंस को नई दिशा देंगे.
युवा प्रतिभाओं को निखारने का शानदार रिकॉर्ड
जुबिन भरूचा की पहचान युवा क्रिकेटरों की प्रतिभा पहचान कर उन्हें निखारने के लिए जानी जाती है. राजस्थान रॉयल्स में रहते हुए उन्होंने संजू सैमसन, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को तराशने में अहम भूमिका निभाई.
जायसवाल की ट्रेनिंग का उदाहरण देते हुए भरूचा ने एक बार बताया था कि उनकी अकादमी में बल्लेबाजों को साढ़े चार घंटे में 140 ओवर तक खिलाए जाते थे. इसका मकसद नेट प्रैक्टिस के बजाय अलग-अलग कोण, गति और परिस्थितियों का सामना कराना था.
साल 2024 के ट्रायल्स के दौरान भरूचा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से इतने प्रभावित हुए थे कि राजस्थान रॉयल्स ने ऑक्शन के लिए ₹10 करोड़ का बजट अलग रखा था, हालांकि वैभव अंततः ₹1.1 करोड़ में टीम से जुड़े.
जब रियान पराग अपने खराब फॉर्म की वजह से आलोचनाओं का सामना कर रहे थे, तब भरूचा और उनकी टीम ने पराग की तकनीक और मानसिक तैयारी पर काम किया. इसी भरोसे के दम पर पराग आगे चलकर आईपीएल के स्थापित खिलाड़ी बने और आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान चुने गए.
मुंबई इंडियंस को मिलेगा अनुभव का फायदा
प्रशासन और कोचिंग में आने से पहले जुबिन भरूचा खुद मुंबई और सर्रे के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके हैं. उनके पास खेलने का अनुभव और युवा खिलाड़ियों को तैयार करने की बेहतरीन समझ दोनों है.
मुंबई इंडियंस 2020 के बाद से आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई है और पिछले कुछ सीजन में प्लेऑफ तक पहुंचने के लिए संघर्ष करती दिखी है. ऐसे में जुबिन भरूचा का आना टीम के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है.