Bengaluru IT Employee Fraud: बेंगलुरू की एक आईटी कंपनी में एक कर्मचारी ने कंपनी के क्रेडिट कार्ड से जमकर खर्चा किया. उसने क्रेडिट कार्ड से लगभग 27 लाख रुपये उड़ा लिए. कंपनी ने कहा था कि कर्मचारी 2 लाख रुपए तक खर्च कर सकता है लेकिन आरोपी ने अलग-अलग खर्चे बताकर 27 लाख रुपये उड़ा लिए. आरोप है कि आरोपी ने ये पैसे कंपनी के काम के लिए नहीं बल्कि अपने पर्सनल कामों के लिए खर्च कर दिए. वहीं जब कंपनी के बॉस ने उससे पैसे वापस मांगे, तो उसने बॉस को उसकी अश्लील तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल किया कि अगर वो पैसे मांगेगा, तो ये फोटोज सीनियर मैनेजमेंट को भेज दी जाएंगी.
4 महीनों में उड़ाए 27 लाख
जानकारी के अनुसार, कंपनी ने कर्मचारी को एक क्रेडिट कार्ड दिया था, जिसमें उससे कहा गया था कि वो इस क्रेडिट कार्ड से 2 लाख रुपये तक ऑफिस के काम के लिए खर्च कर सकता है. लेकिन कर्मचारी ने अक्टूबर 2023 से जनवरी 2024 के बीच लगभग 4 महीनों में 27 लाख 11 सौ 40 रुपये उड़ा लिए. कंपनी को जब इस बारे में पता चला, तो 12 जनवरी 2024 को कर्मचारी को ईमेल भेजकर उससे इस बारे में जानकारी मांगी गई. इसके बाद 15 जनवरी को अपने जवाब में गबन की बात स्वीकार की. साथ ही कहा कि उसे चीन और पाकिस्तान के किसी अज्ञात व्यक्ति की तरफ से धमकी मिल रही थी, जिसके कारण उसने ऐसा किया.
बॉस को करने लगा ब्लैकमेल
हालांकि बाद में उसने कंपनी को तीन किस्तों में वो पैसा लौटाने की बात कही. 29 जनवरी के कंपनी को भेजे एक ईमेल में उसने फरवरी के दूसरे सप्ताह तक 10 लाख रुपये वापस करने की बात कही. कंपनी ने उसे समय दिया, लेकिन कई मौके मिलने के बावजूद उसने पैसे वापस नहीं किए. 9 फरवरी 2024 को कथित तौर पर आरोपी ने अपने सीनियर मैनेजमेंट को कुछ अश्लील तस्वीरें भेजीं. साथ ही उन्हें आत्महत्या करने की धमकी भी दी. इस तरह की हरकत देखते हुए कंपनी ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद बेंगलुरू की वर्थुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.