Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पताही जगन्नाथ स्थित प्रसिद्ध बाबा भद्रेश्वर नाथ मंदिर में बीती देर रात बेखौफ चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने न केवल मंदिर के पवित्र परिसर की मर्यादा भंग की, बल्कि बड़े ही शातिराना तरीके से दान पेटी समेत कई कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया. घटना करीब रात के ढाई बजे की बताई जा रही है.
इस चोरी की सबसे चौंकाने वाली बात चोरों का आत्मविश्वास और उनका तरीका रहा. प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, मंदिर में दाखिल होने के बाद चोरों ने इत्मीनान से सामान इकट्ठा किया.
जांच में जुटी पुलिस
जब सामान अधिक हो गया तो मुख्य आरोपी ने फोन कर अपने अन्य सहयोगियों को मौके पर बुलाया. सूचना मिलते ही एक लाल रंग का मालवाहक ऑटो मंदिर परिसर के पास पहुंचा. चोरों ने भारी-भरकम दान पेटी और अन्य सामानों को ऑटो में लादा और बड़े ही आराम से रफूचक्कर हो गए. मंदिर परिसर में हुई इस घटना से स्थानीय भक्तों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. सूचना मिलने के बाद सुबह मंदिर पहुंचे लोगों ने देखा कि दान पेटी गायब है और सामान बिखरा पड़ा है. हालांकि, चोरी गए सामानों और नकदी का अभी सटीक आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन अनुमान है कि दान पेटी में काफी राशि जमा थी.
पुलिस ने क्या कहा?
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि पताही स्थित मंदिर में चोरी की सूचना प्राप्त हुई है. पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है. हालांकि, मंदिर समिति की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. उन्होंने आगे कहा कि लिखित शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उस लाल रंग के ऑटो और चोरों का सुराग लगाया जा सके.
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
इस घटना ने क्षेत्र में पुलिस गश्ती पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे फोन करके गाड़ी बुलाते हैं और घंटों तक चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं, फिर भी पुलिस को भनक तक नहीं लगती. फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.