बिहार के सभी जिलों में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा 13 अगस्त तक 11 लाख से अधिक नए राशन कार्ड बनाने का महाअभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत पात्र परिवारों को 15 अगस्त तक नए कार्ड उपलब्ध कराए जाने का लक्ष्य रखा गया है.
राशन कार्ड बनने के काम की प्रगति देखने के लिए विशेष सचिव ने मीटिंग की और कार्य को ऑनलाइन मोड में करने और तेजी लाने का निर्देश दिया.
त्वरित गति से हो काम
जानकारी के अनुसार अब तक जिलों में जितने भी आवेदन आए हैं उन आवेदनों को ऑनलाइन करने का आदेश दिया गया है. बुधवार को विभाग के विशेष सचिव उपेंद्र कुमार द्वारा ने कार्य की प्रगति की जानकारी के लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक भी की. बैठक में विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन करें और लॉगइन के लिए लगातार प्रयास करते रहें. उन्होंने राशन कार्ड के लिए प्राप्त सभी आवेदनों को प्रमाणित करने के बाद 15 अगस्त तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया है.
हर दिन बन रहे 36 हजार नए राशन कार्ड
नए राशन कार्ड को लेकर सभी जिलों में तेजी से काम हो रहा है. प्रतिदिन लगभग 36 हजार नए राशन कार्ड तैयार किए जा रहे हैं. नए राशन कार्ड के आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेज के रूप में आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आय और जाति प्रमाण पत्र तथा परिवार का सामूहिक फोटो देना अनिवार्य है. राशन कार्ड के लिए जो लोग आवेदन करना चाहते हैं वो स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन या पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों के जरिए आवेदन कर सकते हैं.