Aurangabad Accident News: मदनपुर थाना क्षेत्र के शैलूपुर गांव के समीप सड़क पर बने गड्ढे के कारण हुए दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पोईवां गांव निवासी जितेंद्र राम की 37 वर्षीय पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है.
कब हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, संगीता देवी शनिवार को मदनपुर के मंजखड़ गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गई थीं. रविवार पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे वह एक रिश्तेदार के साथ बाइक से अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान शैलूपुर गांव के पास सड़क पर बने गड्ढे में बाइक का पहिया पड़ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
हादसे में संगीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृत्यु की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. उनके विलाप से वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
संगीता देवी अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई हैं. बेटों की उम्र 17 और 15 वर्ष है, जबकि बेटी की उम्र मात्र 8 वर्ष है. परिवार की जिम्मेदारी अब पूरी तरह उनके पति पर आ गई है, जो पेशे से राजमिस्त्री हैं.
परिजनों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर गहरा आक्रोश जताया. उनका कहना है कि यदि सड़क पर गड्ढे न होते, तो आज संगीता देवी जीवित होतीं. यह हादसा एक बार फिर खराब सड़कों और लापरवाहीपूर्ण रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.