Khagaria, Bihar: खगड़िया के गोगरी थाना इलाके के जमालपुर बाजार से कल गिरफ्तार हुए मनीष गुप्ता के बारे में पुलिस ने आज चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. एसपी भानू प्रताप सिंह के मुताबिक गिरफ्तार मनीष गुप्ता फर्जी IAS अधिकारी बनकर खगड़िया के अलावा पूरे बिहार में ठगी करता था.
लोगों को जालसाजी में फंसाकर और धोखाधड़ी से उसने न केवल करोड़ों का संपति अर्जित किया, बल्कि उसने महंगी टेस्ला कार भी खरीदी थी जो एक तरह से ड्राइवर लेस कार होती है.
छापेमारी में मिली करोड़ों संपत्ति
एसपी ने बताया कि आरोपी खुद को फर्जी IAS ऑफिसर बताकर लोगों को ठगता था. लोगों को जालसाजी में फंसाकर उसने करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर ली थी. इसके घर में कल हुई छापेमारी में टेस्ला कार, टाटा सफारी के अलावा एप्पल का पांच सेट मोबाइल, 20 क्रेडिट कार्ड, चार बैंक पास बुक के अलावा अन्य कई सामान मिले. इसने कई जगह जमीन खरीद रखी है और लग्जरी लाइफस्टाइल जीता है.
खुद को बताया अजित डोभाल का अंडर कवर एजेंट
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. खगड़िया के एस पी भानू प्रताप सिंह ने कहा कि इसने अपने को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का अंडर कवर एजेंट भी बताता था. एसपी का कहना है कि मामले की जांच में सहयोग के लिए EOU यानी आर्थिक अपराध इकाई की भी मदद ली जाएगी.