पटना में एक युवती ने मशहूर शिक्षक और ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ के निदेशक फैजल खान (खान सर) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला ने आशंका जताई है कि खान सर उसको जान से मरवा सकते हैं.
दैनिक भास्कर के रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित महिला ने पटना के पीरबहोर थाने में इस संबंध में लिखित आवेदन दिया है. महिला का कहना है कि उनके पास खान सर से जुड़ी कई गुप्त जानकारियां हैं, जिसकी वजह से उन्हें अपनी जान का डर सता रहा है.
पुलिस को महिला की तलाश
पीरबहोर थाने के SHO राजकुमार सिंह के अनुसार, महिला की तरफ से आवेदन तो मिला है, लेकिन वह खुद थाने नहीं आई हैं. महिला का मोबाइल नंबर बंद आ रहा है और आवेदन में दिया गया पता भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. पुलिस का कहना है कि महिला से संपर्क होने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी. मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली यह महिला पटना के गांधी चौक इलाके में रह रही थी.
आवेदन में महिला ने क्या लिखा?
‘मैं यूपी की रहने वाली हूं और फिलहाल पटना में रहती हूं. पढ़ाई के सिलसिले में अगस्त 2016 में पटना आई थी. इससे पहले यूपी के देवरिया (पालप रानी) में फैसल खान (खान सर) के पास पढ़ती थी. मेरे पास फैसल खान के बारे में कई गोपनीय जानकारियां हैं और यह बात उन्हें भी पता है. इस वजह से मेरी जान को खतरा है. वह दिसंबर 2014 से मुझे परेशान कर रहे हैं और धमकी देते हैं कि अगर कोई बात बाहर बताई तो जान से मार देंगे. मामले की जांच कर मेरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.’

खान सर की टीम का पक्ष
खान सर की टीम ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है. टीम का कहना है कि उन्हें इस आवेदन के बारे में कोई जानकारी नहीं है और खान सर की छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है. रक्षाबंधन का त्योहार करीब है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएं खान सर को राखी बांधने आती हैं. टीम का आरोप है कि छात्राओं को इस कार्यक्रम में आने से रोकने और माहौल खराब करने के लिए यह झूठा दावा किया जा रहा है.
आपको बता दें कि खान सर पहले से ही कोचिंग विवाद के एक मामले में जमानत पर बाहर हैं, जिसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही है.