Samrat Choudhary on Lalu Yadav: बिहार विधानसभा में शुक्रवार (24 अप्रैल, 2026) विश्वास प्रस्ताव पर अपना पक्ष रखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जहां पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए नजर आए तो राष्ट्रीय जनता दल के मुखिया लालू प्रसाद यादव पर जमकर हमला बोला. सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया कि उन्हें लालू यादव ने जेल भिजवाया. उनके साथ परिवार के 22 लोग भी जेल गए थे. सम्राट ने खुलासा किया कि अगर लालू ने उन पर अत्याचार नहीं किया गया होता तो वह बिहार के मुख्यमंत्री नहीं होते.
दरअसल, RJD नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि सम्राट चौधरी भी लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक पाठशाला के प्रॉडक्ट हैं. इसके जवाब में सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि पाठशाला किसी की बपौती नहीं है. विरासत से बाहर निकलिए. साथ ही कहा कि उन्हें बिहार की 14 करोड़ की जनता का आशीर्वाद प्राप्त है.
नीतीश कुमार की जमकर तारीफ
सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के कार्यकाल की खूब तारीफ की. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि देश विकसित हो. उसी तरह नीतीश कुमार चाहते हैं कि बिहार समृद्ध हो. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि पूरा एनडीए एक है. उन्होंने यह भी कहा कि वह 1995 में जेल में रहे. अगर वह 1995 में नाबालिग रहते तो क्या जेल में रहते. वह कोर्ट गए. उन्होंने अपनी डिग्री के सवाल पर कहा कि उन्होंने अपने एफीडेविट में सारी बातें स्पष्ट कर दी हैं.
नहीं होगा ट्रिपल सी से समझौता
सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार के ट्रिपल C पर किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. यहां पर ट्रिपल C का मतलब है- क्राइम, कम्युनलिज्म और करप्शन. उन्होंने इस मौके पर कहा कि नीतीश कुमार नहीं होते तो लालू प्रसाद मुख्यमंत्री नहीं बन पाते. साथ ही कहा कि कोई किसी की पाठशाला से नहीं होता, अगर लालू प्रसाद ने अत्याचार नहीं किया होता तो वह सीएम नहीं बनते.
यहां पर बता दें कि सम्राट चौधरी 15 अप्रैल, 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं. यह पहली बार है, जबकि भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता बिहार में सीएम बना है. नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में जहां भाजपा का सीएम है तो दो-दो उपमुख्यमंत्री जनता दल यू से बने हैं.