हाल ही में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) नेता तेज प्रताप यादव ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात की है, जिससे बिहार में नए राजनीतिक पुनर्गठन की अटकलें तेज हो गईं हैं.
बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने राज्य में चल रहे विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की. पटना में हुई तेज प्रताप और प्रशांत किशोर की इस मीटिंग का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
तेजप्रताप और प्रशांत किशोर की बैठक
तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो शेयर किया और कैप्शन लिखा, “राजनीतिक दृष्टि से यह एक बेहद महत्वपूर्ण दिन था. मेरी मुलाकात प्रशांत किशोर से हुई. हमने जनहित और भविष्य की राजनीति पर गहन चर्चा की. हमने जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात की.”
आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा। मेरी मुलाकात Prashant Kishor जी से हुई, जहाँ हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की।
इस दौरान जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई। यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें कई ऐसे… pic.twitter.com/ARcOHdbjHx
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) April 21, 2026
उन्होंने आगे कहा, “यह बैठक महज एक औपचारिकता नहीं थी, बल्कि इसमें कई ऐसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ जो आने वाले समय में राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं. मैं इस संवाद को अपने राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अनुभव मानता हूं, जिससे सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का मेरा संकल्प और भी मजबूत हुआ है.”
बिहार में बदला राजनीतिक समीकरण
अभी कुछ दिन पहले ही बिहार में सरकार का तख्तापलट हुआ है. बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनी है और सम्राट चौधरी को वहां का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है. नितीश कुमार ने हाल ही में राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण की, जिसके लिए उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा. इसी बीच तेज प्रताप यादव और प्रशांत किशोर के बीच हुई इस मीटिंग ने राजनीतिक गलियारे में सुगबुगाहट तेज कर दी है.