Bihar News: बिहार के मोतिहारी जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से लटका एक युवक का शव बरामद हुआ है. वीरता चौक पर स्थित साठ फीट उंचे टावर से लटकते शव को देख गांव में अफरा तफरी मच गई. मृतक की पहचान वीरता चौक के रहने वाले हैदर मियां के रुप में हुई है. मृतक हैदर का परिवार पिछले कुछ वर्षो से घोड़ासहन के वीरता चौक पर रह रहा है, जबकि उसका परिवार नेपाल का रहने वाला हैं और उसके पिता मजदूरी करते हैं.
बताया जाता है कि मृतक हैदर पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था. आर्थिक परेशानी और पारिवारिक जिम्मेदारियों का वहन न कर पाना ही युवक की मौत की वजह बताया जा रहा है. करीबी लोगों की माने तो हैदर पिछले कुछ समय से पैसो की तंगी के कारण परेशान था, जिसके बाद मृतक ने यह कदम उठाया. हालांकि, पुलिस ने अभी तक कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है.
पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची
जानकारी के अनुसार मृतक आज तड़के सुबह घर से निकला. अगले दिन सुबह जब लोगों की नजर टावर पर गई, तो वहां युवक का शव लटका देख उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टावर से नीचे उतारा.
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार युवक टावर पर चढ़ कर फंदे से लटक गया था. पुलिस ने घटना की जांच शुरु कर दी है और मृतक हैदर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
परिवार सदमें में
जानकारी के अनुसार मृतक हैदर के पिता पेशे से मजदूर है, जिनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. काम का अभाव और गरीबी के कारण परिवार पिछले कुछ दिनों से परिवार जीवन यापन के लिए संघर्षरत था. मृतक के पिता इस घटना के बाद सदमें में है. सच भी है, इस दुनिया में एक पिता के लिए इससे ज्यादा भयावह और कुछ नहीं हो सकता कि उसे अपने पुत्र का शव देखना पड़े.