Chhattisgarh News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला नगर पालिका क्षेत्र में पानी की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश सामने आया है. नगर पालिका के 15 वार्डों में से 12 वार्डों के पार्षदों ने जल संकट के विरोध में मोर्चा खोलते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के नाम ज्ञापन सौंपा है.
नगर पालिका उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा सहित पार्षदों ने बताया कि गर्मी की शुरुआत में ही नगरवासियों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है. आरोप है कि मलिनिया डैम स्थित कैनाल की सफाई के नाम पर बिना पूर्व सूचना के दो दिनों तक पानी की सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई.
पहले की तरह नियमित जल आपूर्ति शुरू की जाए- पार्षद
पार्षदों का कहना है कि यदि पहले से सूचना दी जाती तो लोग पीने और दैनिक उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था कर सकते थे. पार्षद निलेश साहू ने सुझाव दिया कि नगर के चिन्हित बोरवेल से पहले की तरह नियमित जल आपूर्ति शुरू की जाए और इसे स्थायी समाधान के रूप में लागू किया जाए.
शहरी फीडर से जोड़ने की मांग भी उठाई गई
साथ ही, मलिनिया डैम से आने वाली फिल्टर पानी की सप्लाई को ग्रामर फीडर के बजाय शहरी फीडर से जोड़ने की मांग भी उठाई गई है. पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो सभी पार्षद और नागरिक मिलकर नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी करेंगे.
इस दौरान वरिष्ठ पार्षद रियाज कुरेशी, अरुणा चक्रधारी, अलका ताम्रकार, विक्रांत रोहिणी, मनोज विश्वकर्मा, अंकुर विश्वकर्मा, आयुष सोनी, असलम खान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.