Delhi Airport News: स्विस एयर की दिल्ली से ज्यूरिख जाने वाली फ्लाइट SWR146 ने टेकऑफ के दौरान इंजन फेल होने की वजह से उड़ान रद्द कर दी. विमान के बाएं हिस्से से धुआं निकलता देखा गया और दाईं ओर लैंडिंग गियर के पास आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई. इस घटना के कारण दिल्ली एयरपोर्ट का रनवे 28 काफी समय तक बंद रहा.
विमान में सवार सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड्स की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया. फ्लाइट में कुल 232 यात्री और 13 क्रू मेंबर मौजूद थे. हालांकि, इमरजेंसी निकासी के दौरान 4 यात्रियों को चोटें आने की भी खबर है, जिनका इलाज जारी है.
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उठाया ये कदम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित कर दी.घटना के बाद रनवे 28 को एहतियातन बंद कर दिया गया, जिससे कुछ समय तक उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा. हालांकि, एयरपोर्ट स्टाफ और रेस्क्यू टीमों की तत्परता से हालात को जल्दी काबू में कर लिया गया. बताया जा रहा है कि इमरजेंसी निकासी के दौरान 6 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है. फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
अधिकारियों ने मामले की जांच की शुरू
इस घटना को लेकर एयरलाइन और विमानन अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि इंजन फेल होने और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके. शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी खराबी माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी. इस पूरे मामले पर एयरलाइन का बयान भी सामने आया है. जिसमें कहा गया है कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम दिल्ली पहुंचकर विमान की जांच करेगी और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
साथ ही, यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था भी की जा रही है. राहत की बात यह रही कि समय पर लिए गए फैसले और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना यह घटना गंभीर रूप ले सकती थी.