Delhi Weather Forecast: दिल्ली में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. लेकिन दिल्ली वालों को अब इस गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक, बहुत जल्द लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है. हालांकि अभी चल रही भीषण गर्मी को लेकर विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे लू और गर्मी से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचने के लिए दिन में सबसे ज्यादा धूप वाले समय में घर से बाहर न निकलें.
मौसम विभाग के आज के अनुमान के मुताबिक, 26 अप्रैल को भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी. इस दिन अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. सुबह से शाम तक तेज लू चलने का अनुमान है, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा.
27 अप्रैल से मौसम में होगा बदलाव
27 अप्रैल को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कुछ जगहों पर लू की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है. दोपहर के समय गरज और बिजली कड़कने के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है. दिन के दौरान जमीन पर हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है और हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं. इसके बाद 28 और 29 अप्रैल को मौसम में पूरी तरह से बदलाव आ जाएगा. इन दो दिनों के दौरान तेज गरज के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है.
28 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?
28 अप्रैल को अधिकतम तापमान गिरकर 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री पर रहेगा. इसके अलावा, अगर 29 अप्रैल की बात करें तो अधिकतम तापमान गिरकर 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. हालांकि हवा मे नमी बढ़ने की वजह से थोड़ी उमस महसूस हो सकती है. इसके अलावा, 30 अप्रैल को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है.
इस दिन तापमान में काफी गिरावट आने की उम्मीद है और तापमान अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. इसका मतलब साफ है कि दिल्ली-एनसीआर में लगातार 4 दिनों तक बारिश होने का अनुमान है. खास तौर पर 27, 28, 29 और 30 अप्रैल को बारिश हो सकती है.