AAP Leader Office Firing: राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं. शाहदरा जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) के जिला युवा विंग अध्यक्ष अभिषेक धिंगान के कार्यालय पर बदमाशों ने सरेआम 6 राउंड गोलियां चला दीं. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई. गनीमत रही कि घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि कार्यालय को नुकसान पहुंचा है.
AAP नेता के दफ्तर पर अचानक बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, बदमाश अचानक अभिषेक धिंगान के कार्यालय के बाहर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए. इलाके के दुकानदारों ने डर के कारण अपनी दुकानें बंद कर दीं. फायरिंग करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
सिक्किम के राज्यपाल के घर के पास हुई वारदात
इस घटना ने इसलिए भी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि जिस इलाके में फायरिंग हुई, उसके पास ही सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम का निवास स्थान है. यह इलाका सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है. ऐसे क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलियां चलने से पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया.
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे आपसी रंजिश, रंगदारी या राजनीतिक विवाद वजह है.
ये भी पढ़ें: New PUC Rules: PUC के बदले नियम, अब गाड़ी की उम्र तय वैधता, जानिए कब कराना होगा रिन्यूअल
मौके पर जुटे AAP कार्यकर्ता
फायरिंग की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए. उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस इलाके में गश्त बढ़ाने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है.
ये भी पढ़ें: Maharashtra News: ‘कोई तो रास्ता दे दो…’, बेटे को बचाने के लिए तड़पता रहा पिता, जाम ने छीन ली मासूम की जिंदगी