Delhi Crime News: दिल्ली से एक बेहद ही शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां के बुराड़ी इलाके में एक शख्स ने शराब के नशे में अपनी मां के साथ रेप किया. बताया जा रहा है कि 36 साल के शख्स ने शराब के नशे में रात को अपनी 67 वर्षीय मां के साथ कई बार रेप किया. आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. महिला ने बताया कि आरोपी ने उसे बांधकर कई बार रेप किया और उससे पहले अपनी ही बेटी पर हमला किया.
बुजुर्ग महिला किसी तरह खुद को छुड़ाने में कामयाब रही और उसने घटना का ब्योरा अपनी बेटी को दिया, जिसने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया. प्राथमिकी के अनुसार, घरों की सफाई और झाड़ू-पोछा करके परिवार का भरण-पोषण करने वाली महिला अपने बेटे और 16 साल की पोती के साथ रहती है.
मेरा बेटा शराबी है- पीड़ित मां
प्राथमिकी में लिखा है, ‘मेरा बेटा शराबी है और घटना के समय वह बहुत नशे में था.’ महिला ने आरोप लगाया कि 17 अप्रैल को कहासुनी के चलते उसके बेटे ने अपनी बेटी को थप्पड़ मारा और बाहर चला गया. इसके बाद बेटी उसी इलाके में अपनी मौसी के घर चली गई.
‘मेरे हाथ-पैर बांध दिए और रेप किया’
पीड़ित मां ने आरोप लगाया- “वह नशे की हालत में घर लौटा. मैंने उसे खाना दिया, लेकिन उसने मेरे हाथ-पैर बांध दिए और मेरा रेप किया.” पीड़िता ने बताया कि उसके बेटे ने रात भर उसका रेप किया. आरोपी के सो जाने के बाद वह सुबह करीब चार बजे किसी तरह खुद को मुक्त कराने में कामयाब रही और अपनी बेटी को बुलाने के लिए बाहर भागी, जिसने पुलिस को सूचना दी.
पोती की भी कराई गई चिकित्सा जांच
पीड़िता और उसकी पोती की चिकित्सा जांच कराई गई. पुलिस ने बताया कि एक अपराध दल ने घटनास्थल का दौरा किया और सबूत जुटाए. पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.