Delhi Traffic Advisory for Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा शुरू होने के साथ ही दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 29 जुलाई से 12 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है. इस दौरान पूर्वी दिल्ली और यमुनापार के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त उत्तर प्रदेश की ओर से दिल्ली में प्रवेश करेंगे. इसी वजह से कई संवेदनशील मार्गों पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. लोगों को सलाह दी गई है कि सफर शुरू करने से पहले ट्रैफिक की ताजा जानकारी जरूर देख लें.
भारी वाहनों की एंट्री पर रहेगी रोक
यात्रा अवधि के दौरान कांवड़ मार्गों पर भारी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. खासतौर पर यमुनापार क्षेत्र में यह प्रतिबंध सख्ती से लागू किया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि इससे कांवड़ियों की आवाजाही सुरक्षित और सुगम बनी रहेगी.यात्रा के दौरान महाराजपुर, अप्सरा, सीमापुरी, डीएलएफ, भोपुरा, लोनी और सोनिया विहार बॉर्डर से भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा.
इन सड़कों पर सबसे ज्यादा रहेगा असर
कांवड़ यात्रा के दौरान जिन प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है, उनमें शामिल हैं-
- जीटी रोड (अप्सरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज)
- आशाराम त्यागी मार्ग (रोड नंबर-66)
- वजीराबाद रोड (भोपुरा बॉर्डर से सिग्नेचर ब्रिज)
- पुश्ता रोड (सोनिया विहार से वजीराबाद)
- लोनी रोड (लोनी बॉर्डर से लोनी गोलचक्कर)
इन तारीखों में रहेगा बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त सुबह 7 बजे से 12 अगस्त रात 8 बजे तक अप्सरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज तक जीटी रोड आम वाहनों के लिए भी बंद रहेगा. इस दौरान यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
इन रास्तों से होकर भेजे जाएंगे वाहन
पूर्वी, शाहदरा और उत्तर-पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को NH-9 और आउटर रिंग रोड के जरिए डायवर्ट किया जाएगा, ताकि कांवड़ मार्गों पर भीड़ कम रहे.