Car Fire CCTV Video: गुजरात के मोरबी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पड़ोसी की कार का अलार्म एक शख्स को इतना परेशान करने लगा कि उसने गुस्से में पूरी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया. आरोपी को इस बात से परेशानी थी कि जब भी कोई कार के पास से गुजरता था, उसका सेंसर बजने लगता था. गाड़ी में आग लगाने की यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कार के सेंसर से परेशान था पड़ोसी
यह घटना मोरबी के वाघपरा इलाके की है. यहां 63 वर्षीय वकील पुष्पा भट्ट और उनके पति कौशिक भट्ट की मारुति स्विफ्ट कार को शिखर जयेश गोहेल ने आग लगा दी. पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में आरोपी शाम करीब 4:39 बजे कार के पास पहुंचता दिखाई देता है. इसके बाद वह कई बार गाड़ी के आसपास चक्कर लगाता है. फिर वह प्लास्टिक की बोतल में ज्वलनशील लिक्विड लेकर आता है और उसे कार के बोनट और विंडशील्ड पर डाल देता है. शाम करीब 4:44 बजे वह माचिस की तीली जलाकर गाड़ी पर फेंक देता है, जिससे कार में आग लग जाती है.
#Gujarat #Morbi: Man arrested for torching woman lawyer’s car after sensors kept beeping A man set a woman lawyer’s parked car on fire after reportedly becoming irritated by its repeatedly beeping sensors in Morbi. CCTV footage of the incident shows the man pouring petrol on the car, setting it ablaze and then filming the act before leaving the scene. Morbi A Division Police have arrested the accused and initiated legal action.
— Siraj Noorani (@sirajnoorani) October 29, 2026
5 मिनट में जलने लगी पूरी कार
CCTV फुटेज में आरोपी कार को जलते हुए देखता नजर आता है. इस दौरान पास के घर से एक महिला के चिल्लाने की आवाज भी सुनाई देती है. करीब 4:48 बजे आरोपी मौके से चला जाता है, जबकि कार लगातार जलती रहती है. मोरबी के पुलिस उपाधीक्षक जेएम आल ने बताया कि आरोपी ने ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल करके गाड़ी में आग लगाई थी. उन्होंने बताया कि कार का सेंसर लोगों के गुजरने पर बार-बार बजता था, इसी वजह से आरोपी परेशान था.
ये भी पढ़ें: बंद फ्लैट, तेज दुर्गंध और… विरार में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत से मचा हड़कंप
कार मालिक को हुआ 3.5 लाख रुपये का नुकसान
FIR के मुताबिक, पुष्पा भट्ट ने दोपहर करीब 2 बजे अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी. शाम करीब 5 बजे उन्हें फोन आया कि उनकी गाड़ी में आग लग गई है. परिवार ने बाहर आकर देखा तो कार जल रही थी. इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी हेल्पलाइन पर सूचना दी. फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक कार का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका था. इस घटना में करीब 3.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. पुलिस ने आरोपी शिखर जयेश गोहेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. मामले की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में धूम-3 जैसी लूट! बंदूक की नोक पर 2.3 करोड़ रुपये लेकर फरार हुए चोर, प्लानिंग देख उड़ जाएंगे होश