Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में शख्स ने अपनी पत्नी के साथ तकरार के बाद कथित तौर पर अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश निवासी ऋषभ दीक्षित (33) गुरुग्राम में रह रहा था. पुलिस ने कहा कि चार महीने पहले अंतरजातीय विवाह किया था और उसकी पत्नी मुंबई में काम करती थी. मृतक ऋषभ यूपी के कानपुर का रहने वाला था. वह गुरुग्राम की ही अमेरिकन एक्सप्रेस कंपनी में मैनेजर था.
पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच रहने की व्यवस्था को लेकर लगातार तकरार होती थी और ऋषभ चाहता था कि उसकी पत्नी सोनम नौकरी छोड़कर उसके साथ गुरुग्राम में रहे. पुलिस ने कहा कि बुधवार रात को ऋषभ ने पत्नी का फोन उठाना बंद कर दिया था, जिसके बाद अगले दिन पत्नी उसके फ्लैट पर पहुंची जहां उसे दरवाजा अंदर से बंद मिला.
दरवाजा तोड़ते ही उड़ गए होश
पुलिस ने कहा कि पत्नी ने मेंटेनेंस कर्मियों को बुलाया, जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर पति को छत के पंखे से लटका पाया. पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है तथा घटनासथल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
उसने बताया कि एक दिन पहले दीक्षित के परिवार ने भी उसकी दादी के निधन के बाद उससे संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन संपर्क नहीं हो सका. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. यह पता चला है कि दीक्षित की पत्नी से नौकरी को लेकर तकरार चल रही थी. मामले की जांच जारी है.”
दर्ज किए जा रहे हैं परिजनों के बयान
एएसआई प्रदीप ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. पत्नी के साथ नौकरी की बात को लेकर विवाद की बात सामने आई है. अभी मामले की जांच की जा रही है. परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.