Panipat News: हरियाणा के पानीपत से सामने आई एक घटना ने एक परिवार के सारे सपने पलभर में तोड़ दिए. जिस 11 साल के बच्चे को घर से कुछ सामान लेने के लिए भेजा गया था, वह दोबारा कभी लौटकर नहीं आया. रास्ते में बिजली की हाईटेंशन तार टूटकर उसके ऊपर गिर गई और करंट लगने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
यह दुखद घटना पानीपत जिले के डाहर गांव की है. मृतक बच्चे की पहचान पंकज राठौर के रूप में हुई है. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ डाहर गांव में रहता था.
घर से सामान लेने निकला था मासूम
कहा जा रहा है कि पंकज किसी दुकान से सामान लेने के लिए घर से निकला था. वह गांव की सर्विस लेन के पास पहुंचा ही था कि अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तार टूटकर उसके ऊपर आ गिरी. तार के संपर्क में आते ही बच्चा बुरी तरह करंट की चपेट में आ गया. बिजली का झटका इतना तेज था कि उसे संभलने तक का मौका नहीं मिला. मौके पर ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई.
बेटे को अस्पताल लेकर दौड़ा पिता
हादसे की जानकारी गांव के लोगों ने पंकज के पिता को दी. बेटे के साथ अनहोनी की खबर सुनते ही पिता बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचा. वह तुरंत बच्चे को लेकर पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंचा. पिता को उम्मीद थी कि डॉक्टर उसके बेटे को बचा लेंगे लेकिन वहां पहुंचते ही परिवार की आखिरी उम्मीद भी टूट गई. डॉक्टरों ने जांच के बाद पंकज को मृत घोषित कर दिया.
क्या करते हैं पंकज के पिता?
बता दें कि पंकज के पिता मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं. जिस बेटे के बेहतर भविष्य के लिए वह दिन-रात मेहनत कर रहे थे, उसे इस तरह खोने का दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल है. वहीं इस घटना ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर हाईटेंशन तार किस वजह से टूटी? क्या बिजली की लाइनों की नियमित जांच नहीं होती? अगर समय रहते जरूरी रखरखाव किया जाता, तो शायद एक मासूम की जान बच सकती थी. फिलहाल डाहर गांव में मातम पसरा हुआ है.
ये भी पढ़ें: बंद फ्लैट, तेज दुर्गंध और… विरार में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत से मचा हड़कंप