Karwa Chauth Holiday: करवा चौथ से पहले हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. राज्य सरकार ने इस बार त्योहार पर मिलने वाली छुट्टी को लेकर अहम घोषणा की है. अब इस पर्व पर सिर्फ महिला कर्मचारियों को ही नहीं बल्कि पुरुषों को भी अवकाश मिलेगा. मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को इसकी जानकारी दी. सरकार के इस फैसले से नौकरी करने वाले पति-पत्नी दोनों को त्योहार साथ मनाने का मौका मिलेगा.
इस साल करवा चौथ का पर्व 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा. त्योहार को लेकर घरों में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. महिलाएं व्रत और पूजा की तैयारी में जुटी हैं। ऐसे में सरकार की इस घोषणा से उन परिवारों को राहत मिलेगी, जिनमें पति-पत्नी दोनों नौकरी करते हैं और छुट्टी नहीं मिलने के कारण साथ समय बिताना मुश्किल होता है.
29 अक्टूबर को रहेगी छुट्टी
मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक, करवा चौथ के दिन यानी 29 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा. पहले इस अवसर पर महिला कर्मचारियों को छुट्टी दी जाती थी लेकिन अब पुरुषों को भी इसका लाभ मिलेगा. सरकार का यह निर्णय राज्य के कर्मचारियों के लिए त्योहार की खुशियां बढ़ाने वाला है.
स्कूल-कॉलेज भी रहेंगे बंद
सरकार की ओर से की गई घोषणा के अनुसार, करवा चौथ के अवसर पर प्रदेश के सरकारी कार्यालयों में छुट्टी रहेगी. इसके साथ ही सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों तथा कॉलेजों को भी बंद रखने की बात कही गई है. इससे कर्मचारियों के अलावा विद्यार्थियों को भी त्योहार के दिन अवकाश मिलेगा.
रक्षाबंधन पर भी पुरुषों को छुट्टी
हिमाचल प्रदेश सरकार इससे पहले रक्षाबंधन के मौके पर भी पुरुषों को छुट्टी देने का फैसला कर चुकी है. अब करवा चौथ पर भी पुरुषों को अवकाश देने की घोषणा की गई है. इस फैसले से पति-पत्नी को त्योहार की परंपराओं में साथ शामिल होने और परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा.
ये भी पढ़ें: Greater Noida PNB Fraud: किसी की जिंदगीभर की कमाई, किसी की FD पर हाथ साफ! PNB में 35 करोड़ का घोटाला