Kishanganj SHO Abhishek Ranjan: एक सरकारी कर्मचारी अगर करोड़ों के बंगले में रहे, आलीशान होटलों में छुट्टियां मनाये, तो आप ये अंदाजा तो लगा ही सकते हैं कि उसकी कमाई सिर्फ तनख्वाह तो नहीं है. बिहार के किशनगंज में एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है.
हाल ही में बिहार के किशनगंज सदर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के 5 ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई ने छापेमारी की है. आय से 118% अधिक संपत्ति के इस मामले में उनके करोड़ों के बंगले और जमीन के निवेश का खुलासा हुआ है. किशनगंज सदर थाना अध्यक्ष के पास करोड़ों की अवैध संपत्ति पाई गयी है.
करोड़ों की संपत्ति और आलीशान होटलों में मनाते थे छुट्टी
मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 की सुबह 8:30 बजे से ही EOU की टीम ने अभिषेक कुमार रंजन के अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. पटना, छपरा और किशनगंज सहित उनके 5 अलग-अलग जगहों पर थाना अध्यक्ष की संपत्ति बताई जा रही है. ईओयू के अनुसार, “अभिषेक रंजन के पास उनकी वैध आय से करीब 118.66% अधिक की अवैध संपत्ति होने के पुख्ता सबूत मिले थे.” छापेमारी के दौरान पटना के रामकृष्ण नगर में उनका 2200 वर्ग फीट में फैला एक आलीशान 4 मंजिला मकान मिला है, जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक की बताई जा रही है. इसके अलावा थाना अध्यक्ष के नाम छपरा में 30 लाख का मकान और पैतृक गांव पैगा में 50 लाख की लागत से बन रहा एक दो मंजिला मकान भी है. इतना ही नहीं, सिलीगुड़ी के दार्जिलिंग रोड पर 6 कट्ठा जमीन की बाउंड्री कराई गई है, जिसकी कीमत लगभग 84 लाख रुपये बताई जा रही है.
अभिषेक कुमार रंजन का आलीशान घर ही नहीं शौक भी किसी सेलेब्रिटी से कम नहीं हैं. जब उनकी छुट्टियों का रिकॉर्ड खंगाला गया तो पता चला कि वो अपने परिवार के साथ ताज जैसे पांच सितारा होटलों में रुकते थे. उनके पास महंगे मोबाइल फोन और विलासिता से जुड़े अन्य सामान भी मिले हैं. जाँच में पता चला कि बच्चों की पढ़ाई पर भी मोटा पैसा खर्च किया जा रहा है.
2009 में मिली थी नौकरी
अभिषेक कुमार रंजन साल 2009 में बिहार पुलिस में बतौर सब-इंस्पेक्टर भर्ती हुए थे. इसके बाद साल 2023 में उनका प्रमोशन हुआ और वे इंस्पेक्टर बन गए. अपने सेवा काल के दौरान वे बिहार के मुजफ्फरपुर, मोतिहारी और पटना जैसे महत्वपूर्ण जिलों में तैनात रहे. ईओयू की जांच में सामने आया है कि इस अवधि में उनकी कुल वैध आय 1 करोड़ 47 लाख 17 हजार रुपये रही, लेकिन इस दौरान उन्होंने 2 करोड़ 9 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति अर्जित कर ली.