Social Media Love Story: मध्य प्रदेश (MP News) के बड़वानी जिले से दिल को छू लेने वाली खबर सामने आई है. जहां वो कहावत सही साबित हुई है. जिसमें कहा जाता है कि रिश्ते तो ऊपर में तय होते हैं. दरअसल, पूरा मामला यह है कि मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के अंजड़ नगर परिषद में पिछले 17 साल से कार्यरत मुकेश कुशवाह की लंबाई 3-3.5 फीट के करीब है.
लंबाई कम होने की वजह से उनकी शादी नहीं हो रही थी. कोई भी लड़की मुकेश से शादी करने के लिए तैयार नहीं हो रही थी. क्योंकि मुकेश का कद काफी छोटा है. जिसकी वजह से उनके परिवार के लोग भी खासे परेशान थे.
नेहा कुशवाह से हुई मुलाकात
शादी के लिए तरसते मुकेश की जान में जान तब आई जब उनकी मुलाकात 2 साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से 1300 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले की नेहा कुशवाह से हुई. नेहा का कद भी सामान्य से कम था और उनकी लंबाई भी लगभग मुकेश के ही बराबर थी. यहीं बात दोनों को करीब लाने की वजह बनी. पहले सोशल मीडिया पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और फिर दोस्ती गहरी होती चली गई. इस दौरान दोनों को पता ही चला कि दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे हैं.
दोनों ने शादी का लिया फैसला
जब दोनों का एहसास हुआ कि दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे हैं तो दोनों ने शादी करने का फैसला किया और इसकी जानकारी अपने-अपने परिवार को दी. परिवार एक दूसरे के संपर्क आए. बातचीत के बाद नेहा का परिवार अंजड़ आया और मुकेश व उनके परिवार से मुलाकात की. इसके बाद दोनों परिवारों में शादी के लिए सहमति बनी. सबकुछ तय होने के बाद 15 अप्रैल 2026 को श्रीराम जन्मभूमि, अयोध्या में शादी होना तय हुआ.
अयोध्या में हुई शादी
दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर जो तारीख तय किया गया था, उसी के अनुसार मुकेश अपनी बारात लेकर अयोध्या पहुंचा और नेहा के साथ शादी कर ली और दोनों ने 7 जन्मों तक एक दूसरे के साथ रहने का वादा किया. शादी संपन्न होने के बाद मुकेश अपनी दुल्हनिया को लेकर अंजड़ पहुंचा और अंजड़ में खाटू श्याम मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया.
नवदंपति का गर्मजोशी से हुआ स्वागत
घर पहुंचने पर दूल्हा-दुल्हन का परिवार वालों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और सभी रश्मों की अदाएगी की गई. इस दौरान दूल्हा-दुल्हन काफी खुश नजर आए. सोशल मीडिया से शुरू हुई यह प्यार भरी कहानी आखिरकार शादी तक पहुंचीं. जिसकी बड़वानी जिले में खूब चर्चा हो रही है.