Katni News: जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक मामूली सी कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. यह पूरा मामला रीठी थाना क्षेत्र के परेवागार गांव का है, जहां एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच किसी छोटी सी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था. पहले यह विवाद सामान्य कहासुनी तक सीमित था, लेकिन देखते ही देखते दोनों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने आपा खो दिया.
आरोपी ने छोटे भाई पर किया हमला
गुस्से में आकर आरोपी भाई ने फावड़ा उठाया और अपने छोटे भाई के सिर पर जोरदार वार कर दिया. इस हमले में युवक का सिर फट गया और वह बुरी तरह घायल होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया.
अस्पताल में भर्ती हुआ घायल युवक
पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. घायल की हालत को लेकर फिलहाल डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. आरोपी भाई के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि कैसे छोटी-छोटी बातों पर रिश्तों में दरार आ जाती है और गुस्से में लिया गया एक गलत फैसला पूरे परिवार को संकट में डाल देता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.