मैहर: जिले के रामनगर ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम गुलबार गुजारा में राशन दुकान के सेल्समैन के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है. महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और राशन वितरण में धांधली को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण डागा गुलबार गांव में धरने पर बैठ गए हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी सेल्समैन को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है.
महिलाओं ने लगाए ‘बैड टच’ जैसे संगीन आरोप
धरने पर बैठीं गांव की महिलाओं ने सेल्समैन पर अत्यंत गंभीर आरोप लगाए हैं. महिलाओं का कहना है कि जब वे राशन लेने दुकान पर जाती हैं, तो सेल्समैन उनके साथ ‘बैड टच’ जैसी ओछी हरकतें करता है और विरोध करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करता है. इस व्यवहार से गांव की महिलाओं में भारी असुरक्षा और रोष का माहौल है.
राशन चोरी से भी ग्रामीण परेशान
आरोपों की फेहरिस्त यहीं खत्म नहीं होती. हितग्राहियों का कहना है कि सेल्समैन शासन द्वारा निर्धारित मात्रा से कम राशन देता है. विरोध करने पर वह ग्रामीणों को राशन कार्ड काटने की धमकी देता है और उनके साथ दुर्व्यवहार करता है. ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से सेल्समैन के हौसले बुलंद है. कार्रवाई होने तक जारी रहेगा आंदोलन
ग्रामीणों की क्या है मांग?
वर्तमान में ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं. उनकी मुख्य मांगें निम्नलिखित हैं:
- दोषी सेल्समैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित और बर्खास्त किया जाए.
- गांव में तत्काल नए और ईमानदार सेल्समैन की नियुक्ति की जाए.
- महिलाओं के साथ किए गए दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच हो.
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होती और उसे पद से नहीं हटाया जाता, तब तक उनका यह धरना और आंदोलन लगातार जारी रहेगा.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.